Lifestyle Desk – देशभर में इन दिनों भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है. कई राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और तेज धूप व गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. इसी बीच 25 मई से नौतपा की शुरुआत होने जा रही है, जो 2 जून तक रहेगा. मान्यता है कि नौतपा के दौरान सूर्य की किरणें सबसे अधिक तीखी होती हैं, जिससे गर्मी अपने चरम पर पहुंच जाती है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस दौरान कई इलाकों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है. ऐसे में सेहत का खास ध्यान रखना बेहद जरूरी हो जाता है.

गर्मी और लू से बचने के लिए डॉक्टर भी लोगों को दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दे रहे हैं. अगर बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को ढककर निकलें, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और शरीर में पानी की कमी न होने दें. इसके अलावा खानपान में भी बदलाव करना जरूरी है. खासकर ऐसी चीजों का सेवन करना चाहिए जिनकी तासीर ठंडी हो और जो शरीर को अंदर से हाइड्रेट रखें. आइए जानते हैं नौतपा के दौरान कौन सी सब्जियां खाएं जो आपके लिए अच्छी रहेगी.

खीरा

नौतपा के दौरान हरी सब्जियां और पानी से भरपूर फूड्स शरीर को ठंडक पहुंचाने में मदद करते हैं. खीरा इस मौसम के लिए सबसे फायदेमंद माना जाता है. इसमें पानी की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती है. सलाद के रूप में खीरे का सेवन गर्मी से राहत दिला सकता है.

लौकी

लौकी भी गर्मियों में बेहद लाभकारी सब्जी मानी जाती है. इसकी तासीर ठंडी होती है और यह शरीर को ठंडक देने के साथ पाचन को भी बेहतर बनाती है. लौकी की सब्जी, जूस या रायता शरीर को तरोताजा रखने में मदद करता है.

तोरई और परवल

तोरई और परवल जैसी हल्की सब्जियां भी नौतपा के दिनों में फायदेमंद होती हैं. ये शरीर को भारीपन महसूस नहीं होने देतीं और पेट को ठंडा रखती हैं. वहीं पालक और हरी पत्तेदार सब्जियां जरूरी पोषक तत्वों की पूर्ति करती हैं और शरीर में ऊर्जा बनाए रखने में मदद करती हैं.

करेला

गर्मी में करेला खाना भी फायदेमंद माना जाता है. यह शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करता है और पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है. इसके अलावा कद्दू भी शरीर को ठंडा रखने वाली सब्जियों में शामिल है. इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर में पानी की कमी नहीं होने देते.

ये फल भी है जरूरी

सब्जियों के साथ-साथ तरबूज, खरबूजा, आम पन्ना, नारियल पानी, छाछ और नींबू पानी जैसे तरल पदार्थों का सेवन भी खूब करना चाहिए. ये शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाते हैं और लू के खतरे को कम करते हैं.

विशेषज्ञों का कहना है कि नौतपा के दौरान खानपान और दिनचर्या में थोड़ी सावधानी बरतकर गर्मी के दुष्प्रभावों से बचा जा सकता है. पर्याप्त पानी पीना, हल्का भोजन करना और धूप से बचाव करना इस मौसम में स्वस्थ रहने की सबसे बड़ी कुंजी है.