कुरुक्षेत्र, 27 जुलाई। सांसद नवीन जिंदल की ‘नवीन अवसर’ पहल के तहत विदेश में रोजगार के लिए चयनित युवाओं को ओमान रवाना होने से पहले अंतरराष्ट्रीय कार्य संस्कृति और सुरक्षा मानकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर में रविवार से तीन दिवसीय प्री-डिपार्चर ओरिएंटेशन ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसमें जिन्दल स्टील ओमान के लिए चयनित अभ्यर्थी हिस्सा ले रहे हैं।
यह प्रशिक्षण महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर, लाडवा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से चयनित युवाओं के लिए आयोजित किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विदेश जाने से पहले ओमान के कार्य वातावरण, औद्योगिक संस्कृति, सुरक्षा मानकों, कानूनी प्रक्रियाओं और वहां की सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिस्थितियों से परिचित कराना है, ताकि वे नए देश में आत्मविश्वास के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा सकें।
तीन दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में विशेषज्ञ अभ्यर्थियों को विदेशी कार्य संस्कृति, कंपनी के नियम, कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों, श्रम कानूनों, आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया, यात्रा संबंधी दिशा-निर्देश, आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियां, संचार कौशल, वित्तीय प्रबंधन और नए वातावरण में बेहतर ढंग से समायोजन करने जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी देंगे। इसके अलावा समय की पाबंदी, अनुशासन, ईमानदारी, टीमवर्क और स्थानीय कानूनों के पालन के महत्व पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
नवीन जिंदल फाउंडेशन स्किल डेवलपमेंट के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. मनीष मिश्रा ने कहा कि विदेश में काम करने वाले युवा केवल अपनी कंपनी का ही नहीं, बल्कि भारत का भी प्रतिनिधित्व करेंगे। उनका अनुशासन, व्यवहार और कार्यशैली देश की सकारात्मक छवि को मजबूत करेगी। उन्होंने युवाओं से पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ अपने कार्य का निर्वहन करने का आह्वान किया।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि ‘नवीन अवसर’ पहल का उद्देश्य केवल युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय कार्यस्थल की चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार करना भी है। इसी सोच के तहत विदेश रवाना होने से पहले यह विशेष ओरिएंटेशन ट्रेनिंग आयोजित की जा रही है, ताकि चयनित युवा ओमान पहुंचने के बाद आत्मविश्वास, अनुशासन और दक्षता के साथ अपने कार्य की शुरुआत कर सकें।

उन्होंने बताया कि सांसद नवीन जिंदल के मार्गदर्शन में नवीन जिंदल फाउंडेशन ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। ‘नवीन अवसर’ पहल के माध्यम से युवाओं को रोजगार दिलाने के साथ-साथ उन्हें वैश्विक कार्य संस्कृति के अनुरूप तैयार करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर, लाडवा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान जिन्दल स्टील ओमान के लिए युवाओं का चयन किया गया था। अब विदेश रवाना होने से पहले उन्हें तकनीकी, व्यावसायिक और व्यवहारिक रूप से तैयार करने के उद्देश्य से यह तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
- Crude Oil Price : कच्चे तेल में नरमी, 88 डॉलर से नीचे फिसला ब्रेंट, जानिए क्यों नीचे आए भाव ?
- राजधानी के 200 पेट्रोल पंप रडार पर: पेट्रोल पंपों की होगी जांच, लगातार मिल रही थी ये शिकायतें
- दिल्ली पुलिस का दावा: जंतर-मंतर पर CJP प्रोटेस्ट में शामिल 989 लोगों का निकला क्रिमिनल रिकॉर्ड
- पटना में अज्ञात दिव्यांग युवक का शव मिलने से फैली सनसनी, जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
- बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा के गढ़ में अग्निपरीक्षा, PK और विपक्ष की कड़ी चुनौती


