Bihar Crime: बिहार के नवादा में आज दिवाली के दिन बदमाशों ने एक मिठाई कारोबारी को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना नेमदारगंज इलाके की बताई जा रही है। वहीं, घायल मिठाई कारोबारी की पहचान उत्तम कुमार के रूप में हुई। जिसके गर्दन में गोली लगी है। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया, जहां एक निजी अस्पताल में उनका इलाज जारी है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
शौच के लिए खेत की ओर गए थे उत्तम कुमार
मिली जानकारी के मुताबिक, मिठाई कारोबारी उत्तम कुमार शौच के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान वहां पहुंचे एक युवक ने उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने उत्तम कुमार को घायल अवस्था में पाया, जिसके बाद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की वजह स्पष्ट नहीं
फिलहाल मिठाई कारोबारी को किसने और क्यों गोली मारी? इसकी वजह अभी तक सामने नहीं आ पाई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश है या कोई दूसरा विवाद। घायल उत्तम कुमार ने भी इस घटना के पीछे किसी पर संदेह नहीं जताया है। वहीं, पुलिस को उनकी ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
घटना से कारोबारियों में डर
इस घटना के बाद इलाके के मिठाई कारोबारियों में चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि इस तरह खुलेआम गोलीबारी की घटनाओं से व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होते हैं। कारोबारियों ने पुलिस प्रशासन से वारदात में शामिल आरोपी की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें- मोतिहारी में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब की झलक, RJD विधायक फैसल रहमान ने हिंदू भाइयों संग मनाई दीपावली

