नवादा। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां केंद्र शासित प्रदेश दमन के एक किराए के कमरे से महिला का शव ट्रॉली बंद बैग में बरामद हुआ है। मृतका की पहचान नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के सिउर गांव की रहने वाली छोटी कुमारी के रूप में हुई है। मृतका ने करीब दो साल पहले अपने पति और परिवार को छोड़कर गांव के ही एक युवक के साथ नई जिंदगी की शुरुआत की थी। फिलहाल, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार प्रेमी की तलाश तेज कर दी है।

​दो साल पहले घर से हुई थी गायब

​मृतका के भाई अंकित उपाध्याय ने बताया कि छोटी की शादी वर्ष 2023 में उसकी ही जाति में हुई थी। उस वक्त वह 18 वर्ष की थी और 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। शादी के कुछ समय बाद ही उसका अफेयर गांव के ही ऋषभ कुमार के साथ शुरू हो गया। 6 मई 2024 को छोटी अचानक घर से गायब हो गई, और उसी दिन से ऋषभ कुमार भी लापता था। परिजनों ने काफी खोजबीन की और रोह थाने में गुमशुदगी का आवेदन भी दिया था। बाद में मृतका के पहले पति ने रिश्ता तोड़कर दूसरी जगह शादी कर ली थी।

​बंद कमरे से बदबू आने पर हुआ खुलासा

​दमन पुलिस के अनुसार, आरोपी ऋषभ कुमार ने किसी आपसी विवाद के चलते छोटी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद उसकी पहचान छिपाने और शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से शव को एक बड़े ट्रॉली बैग में ठूंस दिया गया। हालांकि, बैग को बाहर ले जाने में नाकाम रहने पर आरोपी कमरे पर ताला लगाकर फरार हो गया। कई दिनों तक कमरा बंद रहने के बाद जब तेज दुर्गंध उठने लगी, तो मकान मालिक को संदेह हुआ। इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, जिन्होंने ताला तोड़कर ट्रॉली बैग से महिला का सड़ा-गला शव बरामद किया।

​पुलिस जांच और परिजनों की प्रतिक्रिया

​घटना की सूचना मिलने पर नवादा पुलिस ने मृतका के परिजनों को अवगत कराया, जिसके बाद परिवार वाले शव की पहचान और कानूनी प्रक्रियाओं के लिए दमन के लिए रवाना हो गए। भाई अंकित ने बताया कि जब उनकी बहन गायब हुई थी, तब वह घर से जेवर और सोने की अंगूठी भी साथ ले गई थी। परिवार ने उस वक्त सिम कार्ड और अन्य माध्यमों से उसकी तलाश करने की कोशिश की थी। पुलिस का कहना है कि प्रेम प्रसंग और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच की जा रही है और मुख्य आरोपी ऋषभ की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।