नवांशहर। पंजाब के नवांशहर जिले के कस्बा औड़ से एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। यहाँ शुक्रवार रात भरे बाजार में अज्ञात हमलावरों ने एक खिलाड़ी पर अंधाधुंध गोलियां चलाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान निशान सिंह उर्फ मोनी के रूप में हुई है, जो औड़ के घूमार मोहल्ले का रहने वाला था। निशान सिंह एक स्पोर्ट्समैन था और उसका अक्सर इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा आना-जाना लगा रहता था। वह अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे कस्बे में दहशत और शोक का माहौल है।
बाबा धर्मगीर मंदिर के पास हुई वारदात
चश्मदीदों और मौके से मिली जानकारी के मुताबिक, यह वारदात शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे हुई। निशान सिंह बाबा धर्मगीर मंदिर के पास खड़ा होकर अपने कुछ परिचितों से बातचीत कर रहा था। इसके बाद वह पास ही लगी एक रेहड़ी पर गोलगप्पे खाने लगा। गोलगप्पे खाने के बाद निशान सिंह जैसे ही अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर बस स्टैंड की तरफ जाने लगा, तभी अचानक अज्ञात हमलावर वहां आ धमके। हमलावरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए अपने शरीर और चेहरे को लोई (कंबल/चादर) से पूरी तरह ढक रखा था।
हमलावरों ने आते ही निशान सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी के कारण पूरे बाजार में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। निशान सिंह के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में 7 से 8 गोलियां लगीं, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया और हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों और परिचितों ने लहूलुहान हालत में निशान सिंह को तुरंत नवांशहर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, उसकी हालत बेहद नाजुक थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पहले भी हुआ था हमला, घर में चल रही थी शादी की बात
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, निशान सिंह की मौत ने पूरे परिवार को बुरी तरह तोड़ कर रख दिया है। उसके एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी थी, जिसके बाद वही परिवार का इकलौता सहारा बचा था। वह अभी कुंवारा था और इन दिनों परिवार में उसकी शादी की बात चल रही थी। यह बात भी सामने आई है कि कुछ महीने पहले एक जिम के अंदर भी निशान सिंह पर जानलेवा हमला हुआ था और उसे गोली मारी गई थी। उस समय वह किस्मत से बच गया था, लेकिन उस घटना के बाद से ही उसे लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। पुलिस अब इस पुराने विवाद को भी जांच के केंद्र में रखकर मामले की जांच कर रही है।
- हरियाणा में मंत्री का PSO बताकर 3 महिलाओं से 7 लाख की ठगी! आंगनबाड़ी सुपरवाइजर की नौकरी का दिया झांसा
- सिद्धारमैया का स्टिंग वीडियो वायरलः शेयरिंग पर रोक लगाने की मांग को लेकर कोर्ट पहुंचे कर्नाटक के पूर्व सीएम, जानें जज ने क्या फैसला सुनाया?
- Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update: बीएसपी स्क्रैप जब्ती मामले में कबाड़ गोदाम गिरफ्तार… भिलाई निगम का 20 करोड़ में बनेगा नया 5 मंजिला कार्यालय भवन… पेयजल के लिए वार्डवासियों ने किया सड़क जाम… किसान की मौत के तीन महीने बाद जेई समेत तीन पर अपराध दर्ज…
- पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज का प्रधान आरक्षक निकला करोड़पति: लोकायुक्त ने एक साथ 15 ठिकानों पर मारा छापा, 6 करोड़ से अधिक की संपत्ति का खुलासा
- 10 हजार करोड़ के निवेश से बदलेगी बिहार की तस्वीर! CM सम्राट ने किया CtrlS डेटा सेंटर का उद्घाटन

