चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए मेहनत, खेल और कौशल को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा सिर्फ एक युवा के शरीर को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि पूरे परिवार के सपनों को भी तोड़ देता है। युवाओं को अपने जीवन को नशे के हाथों नहीं सौंपना चाहिए, बल्कि माता-पिता के सपनों को अपना संकल्प बनाना चाहिए।

मुख्यमंत्री शनिवार को अमृतसर के रामपुरा स्थित सुलहाकुल मंदिर में आयोजित सत्संग में साध संगत को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे खेलें, पढ़ें, कौशल सीखें और परिश्रम करें। साथ ही हर दिन कुछ समय ईश्वर के स्मरण के लिए भी निकालें।

नायब सैनी ने कहा कि आज समाज के सामने नशा एक गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे में युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि बाबा अवतार सिंह महाराज युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए 40 गांवों के स्वास्थ्य क्लबों को कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित करने में सहयोग दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राम नाम का सिमरन मन को स्थिर करता है, विवेक को जागृत करता है और कठिन परिस्थितियों में भी सही मार्ग चुनने की शक्ति देता है। उन्होंने अमृतसर की धरती को त्याग, तपस्या, भक्ति, वीरता और मानव सेवा की पवित्र भूमि बताया।

उन्होंने कहा कि भारत सदियों से आध्यात्मिक प्रकाश के माध्यम से पूरी दुनिया को प्रेम, एकता और मानवता का संदेश देता आया है। इसी महान परंपरा को सुलाहकुल मिशन लगभग दो सौ वर्षों से आगे बढ़ा रहा है।

नायब सैनी ने परम पूज्य संत साहिब दयाल द्वारा शुरू किए गए इस आध्यात्मिक मिशन के मानव सेवा के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संत अपने जीवन से समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। कोविड-19 महामारी के कठिन दौर में भी मिशन ने जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाई। यह साबित करता है कि सच्ची सेवा समाज की जरूरतों से कभी अलग नहीं होती।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब विकास के साथ संस्कार, समृद्धि के साथ संवेदना और शक्ति के साथ संयम हो। उन्होंने लोगों से देश के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साथ देने की अपील की।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m