रेवाड़ी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को बावल में आयोजित अनुसूचित जाति समरसता सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में 411 युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने मेघवाल उत्थान समिति की सभी 10 मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए समिति को 31 लाख रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समरसता केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन जीने का संस्कार है। सरकार का लक्ष्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग, छात्रवृत्ति और शैक्षणिक भत्ते सहित कई सुविधाएं दी जा रही हैं।

सैनी ने कहा कि मिशन बुनियाद के तहत करीब 400 बच्चों को डिजिटल कोचिंग दी गई, जिनमें 272 का चयन IIT जैसे संस्थानों और 61 का NEET में हुआ। उन्होंने कहा कि हर पंचायत में पुस्तकालय खोलने का लक्ष्य है और अब तक करीब 1,000 पुस्तकालय स्थापित किए जा चुके हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m