कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा में रोजगार और भर्ती प्रक्रिया को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि रोजगार, पारदर्शी भर्ती और युवाओं के अवसरों की बात करने से पहले कांग्रेस को अपने 55 साल के शासनकाल का हिसाब जनता के सामने देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल में भर्ती प्रक्रियाएं विवादों और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी रहीं, जबकि वर्तमान सरकार ने युवाओं को योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर बिना पर्ची और बिना खर्ची सरकारी नौकरियां देने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है, जिससे प्रदेश के लाखों युवाओं का सरकारी व्यवस्था पर विश्वास मजबूत हुआ है। अब नौकरियां किसी सिफारिश या पैसे के दम पर नहीं, बल्कि प्रतिभा और मेरिट के आधार पर मिल रही हैं।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस आज रोजगार और युवाओं के भविष्य की चिंता जताने का प्रयास कर रही है, लेकिन जनता यह नहीं भूली है कि उसके शासनकाल में भर्ती घोटाले, भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार के आरोप लगातार सामने आते रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने, उद्योगों में निवेश बढ़ाने और सरकारी विभागों में पारदर्शी तरीके से रिक्त पदों को भरने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य युवाओं को बेहतर रोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब विकास और पारदर्शिता की राजनीति को पहचान चुकी है। इसलिए कांग्रेस को वर्तमान सरकार पर सवाल उठाने से पहले अपने दशकों के शासनकाल का जवाब देना चाहिए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


