कुंदन कुमार, पटना। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में रविवार को एनडीए के दिग्गज नेताओं ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद, जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार और बीजेपी एमएलसी नवल किशोर यादव ने संयुक्त रूप से चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा। नेताओं ने प्रशांत किशोर पर कांग्रेस से पैसे लेने और महिलाओं व जीविका दीदियों के अपमान का गंभीर आरोप लगाया।

​PK राजनीति के अच्छे सर्वेयर, लेकिन सक्रियता अलग बात: रविशंकर प्रसाद

​बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि पूरा एनडीए बांकीपुर चुनाव में पूरी प्राथमिकता के साथ जुटा हुआ है और जनता का भारी समर्थन एनडीए को मिल रहा है, जिससे हमारी जीत तय है। बांकीपुर का हमेशा से एक गौरवशाली सम्मान रहा है और यहां से पांच बार के विधायक रहे नितिन नवीन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
​रविशंकर प्रसाद ने प्रशांत किशोर पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह राजनीति के एक अच्छे सर्वेयर रहे हैं, लेकिन एक सर्वेयर होने और राजनीतिक सक्रियता में जमीन-आसमान का अंतर होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर अब चुनाव आयोग पर सवाल उठाने लगे हैं और राहुल गांधी की भाषा बोलने लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रशांत किशोर कांग्रेस से पैसे लेकर ऐसी बातें कर रहे हैं। दरभंगा में उनकी पार्टी के उम्मीदवार चुनाव लड़े और उनकी जमानत तक जब्त हो गई। बांकीपुर में एनडीए सरकार ने विकास का जाल बिछाने का काम किया है जहां जनता का पूरा विश्वास हमारे साथ है।

नीरज कुमार का पलटवार

​जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर दोनों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने तेजस्वी यादव पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष के नेता आखिर कहां गायब हैं? पिछड़ा वर्ग की एक महिला उनकी पार्टी से चुनाव लड़ रही है, लेकिन तेजस्वी उनका राजनीतिक अपमान कर रहे हैं। वह न तो उनके नामांकन में शामिल हुए और न ही चुनाव प्रचार के लिए गए, बल्कि विदेश घूम रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पिछड़ा वर्ग की महिला उम्मीदवार होना कोई अपराध है, जिसका इस तरह अपमान किया जा रहा है?
​नीरज कुमार ने प्रशांत किशोर पर हमला बोलते हुए कहा कि वह जीविका दीदियों पर सवाल उठा रहे हैं। क्या जीविका की दीदियों को चुनाव प्रचार करने का कोई हक नहीं है? जीविका दीदियां हर वर्ग की महिलाओं से जुड़ी हुई हैं और उनका अन्य महिलाओं को जागरूक करना कैसे गलत हो सकता है?
​नीरज कुमार ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि उनके पास एक होटल मालिक का पुख्ता प्रमाण और चैट मौजूद है, जिससे साबित होता है कि प्रशांत किशोर की पार्टी के लोग चार महीने तक होटल में रुके, लेकिन अभी तक उसका भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है, तो वह मुझ पर मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएं। जनता को बरगलाने और जीविका दीदियों को अपमानित करने का काम बंद किया जाना चाहिए।

​पटना में दो जालसाज बजा रहे हैं गाल: नवल किशोर यादव

​बीजेपी एमएलसी नवल किशोर यादव ने अपने आक्रामक अंदाज में कहा कि पटना में दो बड़े जालसाज घूम रहे हैं जो सिर्फ गाल बजा रहे हैं और महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। बांकीपुर की जनता इन जालसाजों को बहुत अच्छी तरह जानती है और उनके किसी भी भ्रम में आने वाली नहीं है। उन्होंने प्रशांत किशोर को राजनीतिक व्यक्ति न बताते हुए एक बिचौलिया करार दिया, जो केवल लोगों से पैसे लेने का काम करता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक अन्य जालसाज अपने पिता के नाम पर राजनीति की रोटियां सेक रहा है। बांकीपुर में एनडीए के लिए कोई चुनौती नहीं है और एनडीए भारी मतों से चुनाव जीतेगा। जनता इन दोनों जालसाजों को अपने वोट से पूरी तरह नकारेगी।

​तेजस्वी के एफआईआर वापसी के बयान पर तंज

​तेजस्वी यादव द्वारा छात्रों पर हुए मुकदमे (FIR) को वापस लिए जाने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नवल किशोर यादव ने कहा कि जब छात्र आंदोलन कर रहे थे, तब तेजस्वी कहां छिपे हुए थे और बिल में घुसे हुए थे? वे उस आंदोलन में शामिल क्यों नहीं हुए? उन्होंने कहा कि अब इस तरह की बातों को बिहार की जनता कोई नोटिस नहीं ले रही है। जनता इन बहकावों में आने वाली नहीं है।