नीमराना। जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक बस के साथ करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में बाइक सवार मामा और उनकी आठ वर्षीय भांजी की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, खेड़की-तितारा गांव के मुंडा अहीर निवासी सचिन शर्मा अपनी बहन कविता शर्मा और भांजी तान्या शर्मा के साथ बाइक से जा रहे थे। वे कोटपूतली-बहरोड़ स्थित अपने गांव से मावाड़ी की ओर निकले थे। नीमराना थाना क्षेत्र में सर्विस रोड पर पहुंचने के दौरान जयपुर से दिल्ली की ओर जा रही हरियाणा रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सचिन और तान्या बस के नीचे फंस गए। बस उन्हें घसीटते हुए आगे ले गई और सर्विस रोड पर खड़ी एक निजी बस से टकराने के बाद रुकी। हादसे में सचिन शर्मा और उनकी भांजी तान्या की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में घायल कविता शर्मा को स्थानीय लोगों की मदद से सचखंड अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया।
सूचना मिलने पर नीमराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को नीमराना के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। हादसे की जांच की जा रही है और पुलिस ने दुर्घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


