आकाश श्रीवास्तव, नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां ड्यूटी ज्वाइन करने से पहले प्रधान आरक्षक ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। आत्महत्या से पहले सुसाइड नोट भी लिखा, जिसमें कई गंभीर आरोप लगाए है। वहीं परिजनों ने कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
नीमच की पुलिस लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षक होशियार सिंह अहीर (50) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई! बताया जा रहा है कि 5 दिन की छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौटने से एक दिन पहले उन्होंने जहर खा लिया और खुद कंट्रोल रूम पहुंचकर इसकी जानकारी दी। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल से निजी अस्पताल रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
सुसाइड नोट में इनका किया जिक्र
आत्महत्या से पहले लिखे गए तीन पेज के सुसाइड नोट में उन्होंने पुलिस लाइन में ड्यूटी लगाने और रोजनामचा लिखने तक के लिए पैसों की मांग होने का गंभीर आरोप लगा है। मृतक ने आरआई विक्रम सिंह भदौरिया और हेड कॉन्स्टेबल प्रणव तिवारी का नाम लिया है। साथ ही खुद को लंबे समय से प्रताड़ित बताया है।
एसपी ने निष्पक्ष जांच का दिया आश्वासन
मृतक की पत्नी कमलेश देवी और बेटी अंजली यादव ने भी वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से परेशान किए जाने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं एसपी अंकित जायसवाल ने इस मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि सुसाइड नोट और परिजनों के आरोपों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुष्टि होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

