राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/ नीमच। जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खिमला स्थित ग्रीनको प्रोजेक्ट में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार प्रोजेक्ट परिसर में कार्यरत मजदूरों को ले जा रही लिफ्ट अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उसमें सवार 7 मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को अलग-अलग एंबुलेंस की सहायता से नीमच के निजी चिकित्सालय ज्ञानोदय मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में मनोहर सिंह, चिन्मय घोष, राहुल यादव, जहीरूद्दीन अंसारी, विपिन कुमार, कमलेश तथा एक अन्य मजदूर शामिल हैं। इनमें मनोहर सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा दोपहर करीब 1 बजे लंच टाइम के दौरान हुआ। सूत्रों का कहना है कि जिस लिफ्ट की क्षमता 6 व्यक्तियों की थी, उसमें निर्धारित संख्या से अधिक मजदूर सवार हो गए थे, जिसके चलते दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं प्रोजेक्ट से जुड़े नीरज मीणा ने बताया कि लिफ्ट पर वेल्डिंग कार्य के दौरान यह हादसा हुआ। ऐसे में दुर्घटना के कारणों को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
बताया जा रहा है कि घायल अधिकांश मजदूर उत्तर प्रदेश और बिहार के निवासी हैं तथा प्रोजेक्ट में कार्यरत थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रोजेक्ट प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों के साथ-साथ सुरक्षा मानकों और व्यवस्थाओं की भी जांच कर रहा है।

