​सुपौल, जुबैर अंसारी। ​बिहार की राजनीति में एक बार फिर बयानों के तीखे बाण चलने लगे हैं। हाल ही में पटना के एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए एक बयान पर मचे घमासान के बीच, छातापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री नीरज कुमार सिंह उर्फ ‘बब्लू’ का एक विवादित बयान सामने आया है। इस बयान के बाद राज्य का सियासी तापमान तेजी से गरमा गया है।

​क्या था पूरा मामला और विधायक का बयान?

​घटना की शुरुआत पटना के एक राजनीतिक कार्यक्रम से हुई, जहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए एक बयान दिया था। जब इसी बयान को लेकर पत्रकारों ने भाजपा विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू से उनकी प्रतिक्रिया मांगी, तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए विधायक ने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसे लोगों और बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया होनी चाहिए तथा पागल कुत्ता को गोली मार देना चाहिए।

​कांग्रेस नेता मुकेश कुमार उर्फ पप्पू यादव का तीखा हमला

​भाजपा विधायक के इस बयान के सामने आते ही सियासी गलियारों में भूचाल आ गया। कांग्रेस पार्टी के स्टेट डेलिगेट सदस्य मुकेश कुमार उर्फ पप्पू यादव ने इस पर बेहद कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने विधायक पर व्यक्तिगत और राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि जो विधायक खुद अतीत में विवादों और शूटर की छवि से जुड़े रहे हों, उनसे छातापुर विधानसभा क्षेत्र की जनता क्या ही उम्मीद रख सकती है? एक शूटर की भाषा इसके अलावा और क्या हो सकती है।
​पप्पू यादव ने आगे भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जो पार्टी वोट चोरी कर लगातार चुनाव जीतने का दावा करती है, वही आज मर्यादा भूल चुकी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेताओं ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। देश में आज लूट मची हुई है, चीन हमारी सीमाओं के भीतर प्रवेश कर चुका है, लेकिन यह सरकार सिर्फ और सिर्फ हिंदू-मुसलमान और पाकिस्तान के नाम पर राजनीति करती है। अब देश की जनता सब समझ चुकी है और इन तानाशाही ताकतों के जाने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू का यह बयान बेहद निंदनीय है और इसकी जितनी भी भर्त्सना की जाए, वह कम है।