गौरव जैन, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने देश और प्रदेश में वर्तमान में चल रहे नीट (NEET) परीक्षा विवाद, विभागीय स्तर पर वित्तीय अनियमितताओं और आगामी शैक्षणिक सुधारों को लेकर मीडिया से विस्तृत बातचीत की। इस दौरान उन्होंने नीट परीक्षा लीक मामले पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि व्यवस्था के भीतर छिपे कुछ गद्दारों के कारण देश के लाखों होनहार और बेरोजगार युवाओं का भविष्य दांव पर लग जाता है।

​देशभर में नीट परीक्षा के परिणामों को लेकर मचे बवाल और विपक्ष (कांग्रेस) द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर दो टूक जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा, ​नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में देशभर के लाखों बच्चे शामिल होते हैं। इस पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए एक बहुत बड़ा तंत्र (सिस्टम) काम करता है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतने बड़े सिस्टम में कहीं न कहीं कुछ ऐसे ‘गद्दार’ और असामाजिक तत्व शामिल हो जाते हैं, जिनकी व्यक्तिगत गलतियों और लालच का खामियाजा पूरे देश की व्यवस्था और परीक्षाओं के लिए दिन-रात मेहनत करने वाले लाखों युवाओं को भुगतना पड़ता है।

मंत्री यादव ने कहा, सरकार की मंशा और कोशिश हमेशा यही रहती है कि परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या गोपनीयता भंग न हो, लेकिन सिस्टम की कुछ कमियों और आपराधिक मानसिकता के लोगों के कारण ऐसी गंभीर खामियां सामने आ जाती हैं, जिससे अंततः दोबारा परीक्षा कराने जैसी मजबूरियां देश और छात्रों के सामने खड़ी होती हैं।

narayana

​सर्व शिक्षा अभियान घोटाले पर मंत्री का कड़ा रुख

जिले के मरवाही विकासखंड में सर्व शिक्षा अभियान के संयुक्त खाते से लगभग 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का दुरुपयोग करने और फर्जी तरीके से आहरण करने के गंभीर मामले पर मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया है। ​उन्होंने मीडिया को आश्वस्त करते हुए कहा, यह वित्तीय गड़बड़ी का मामला अभी-अभी मेरे संज्ञान में आया है। मैंने विभाग को तत्काल इस पूरे मामले की विस्तृत फाइल और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मामले की गहनता से जांच और पतासाजी कराई जा रही है। इस घोटाले में जो कोई भी अधिकारी या कर्मचारी वास्तव में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। हमारी सरकार में भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है।

​जीपीएम के शैक्षणिक प्रदर्शन की सराहना, बनेगा नया ‘ब्लूप्रिंट’ ​

विगत कुछ वर्षों की तुलना में इस बार जीपीएम जिले के शासकीय स्कूलों का परीक्षा परिणाम काफी बेहतर और सकारात्मक रहा है, जिसे लेकर शिक्षा मंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने क्षेत्र के बच्चों और शिक्षकों की पीठ थपथपाते हुए ​कहा कि जिले में शिक्षा के स्तर और परीक्षा परिणामों में लगातार गुणात्मक सुधार दर्ज किया जा रहा है। हमारी योजना इन नतीजों को आने वाले समय में और अधिक उत्कृष्ट और शत-प्रतिशत बनाने की है।

​ऐतिहासिक आदिवासी ‘गुरुकुल’ को संवारने का भरोसा ​

अविभाजित मध्यप्रदेश के समय से संचालित आदिवासियों के प्रतिष्ठित संस्थान ‘गुरुकुल’ की वर्तमान बदहाली, शिक्षकों की भारी कमी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव के संबंध में पूछे गए सवाल पर मंत्री गजेंद्र यादव ने संवेदनशील और सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि गुरुकुल अंचल की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक आदिवासी शिक्षण संस्था है। इस संस्था की गरिमा को बहाल करने और वहां की समस्याओं को दूर करने के लिए यदि स्थानीय प्रशासन या विभाग के माध्यम से कोई भी औपचारिक प्रस्ताव या मांग पत्र शासन स्तर पर आता है तो सरकार उस पर प्राथमिकता के साथ गंभीरता से विचार करेगी और आवश्यक फंड व सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाएगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H