Neeti Mohan Father Passed Away: मुंबई। सिंगर नीति मोहन के पिता बृज मोहन शर्मा का 72 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने 15 अक्टूबर 2026 को अंतिम सांस ली। पिता के जाने के तीन दिन बाद बहनों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उनके निधन की जानकारी दी।
पापा हमारे परिवार की मजबूत नींव थे
मोहन सिस्टर्स ने अपने पिता को याद करते हुए लिखा कि बृज मोहन शर्मा उनके लिए सिर्फ पिता ही नहीं, बल्कि मार्गदर्शक और परिवार की ताकत थे। उन्होंने परिवार को दिए संस्कार, प्यार और सीख को याद किया।
बहनों ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उनके पिता का स्नेह और आशीर्वाद हमेशा उनके साथ रहेगा। उनके जाने से जिंदगी में ऐसा खालीपन आ गया है, जिसे कभी भरा नहीं जा सकता। पोस्ट के आखिर में उन्होंने पिता को याद करते हुए लिखा कि वे उन्हें बहुत याद करेंगी।

फिल्मी सितारों ने भी जताया दुख
बृज मोहन शर्मा के निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म और संगीत जगत से जुड़े लोगों ने भी शोक जताया। कपिल शर्मा ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ‘ओम शांति’ लिखा। वहीं सिंगर श्रेया घोषाल ने नीति मोहन और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं जताईं।
श्रेया ने लिखा कि माता-पिता को खोने से पैदा हुए खालीपन को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने परिवार को इस दुख से उबरने की शक्ति मिलने की प्रार्थना की। वरुण धवन और आयुष्मान खुराना ने भी पोस्ट पर हाथ जोड़ने वाली इमोजी के जरिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
पिता की यादें हमेशा रहेंगी साथ
मोहन सिस्टर्स की पोस्ट से पिता को खोने का दर्द साफ झलक रहा है। चारों बहनों ने उनके प्यार, समझदारी और सीख को अपनी जिंदगी का अहम हिस्सा बताया। परिवार के लिए यह मुश्किल वक्त है, वहीं उनके प्रशंसक भी सोशल मीडिया पर संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

