कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में एक विकलांग दंपत्ति ने पड़ोसी युवक पर मारपीट और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित दंपत्ति का कहना है कि उन्होंने पुलिस को मारपीट का वीडियो भी सौंपा, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परेशान होकर दंपत्ति आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय की जनसुनवाई में न्याय की गुहार लगाने पहुंचे।
मामला ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के मानपुर फेस-01 का है, जहां रहने वाले किशन शर्मा और उनकी पत्नी मंजूलता देवी शर्मा दोनों दिव्यांग हैं। दंपत्ति का आरोप है कि उनके पड़ोस में रहने वाले राहुल ठाकरे ने उनसे पंद्रह सौ रुपए उधार लिए थे। जब किशन शर्मा ने अपने पैसे वापस मांगे तो राहुल ठाकरे ने उनके साथ मारपीट कर दी।
मारपीट की पूरी घटना वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। वीडियो में आरोपी युवक किशन शर्मा के साथ मारपीट करता हुआ दिखाई दे रहा है। पीड़ित दंपत्ति का कहना है कि उन्होंने यह वीडियो पुलिस को भी सौंप दिया, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की है।
दंपत्ति का आरोप है कि कार्रवाई न होने के कारण आरोपी लगातार उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है। इसी से परेशान होकर दोनों आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई।
वहीं मामले में CSP कृष्णपाल सिंह का कहना है कि दंपत्ति की शिकायत मिली है। उनके द्वारा एक वीडियो भी उपलब्ध कराया गया है। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

