यमुनानगर: पढ़ाई के लिए मिली डांट से नाराज होकर घर छोड़ने वाला नेपाल का 10 वर्षीय बच्चा करीब दो महीने बाद अपने परिवार से मिल गया। वीरवार को जब उसकी दादी और चाचा उसे लेने यमुनानगर पहुंचे तो बच्चा उन्हें देखते ही लिपट गया और फूट-फूटकर रोने लगा। बालक की परिवार से यह मुलाकात बेहद भावुक रही। हालांकि, इस पूरे मामले में एक सवाल यह भी खड़ा होता है कि नेपाल में मिला यह बच्चा आखिर यमुनानगर तक कैसे पहुंचा और उसे अपने साथ लाने वाले परिवार ने उसे उसके देश में ही परिजनों तक पहुंचाने की कोशिश क्यों नहीं की?
जानकारी के अनुसार बच्चा नेपाल का रहने वाला है और तीसरी कक्षा में पढ़ता था। मार्च में पढ़ाई को लेकर परिवार की डांट से नाराज होकर वह घर से निकल गया था। घर से निकलने के बाद वह नेपाल के एक होटल में काम करने लगा। इधर, परिजन उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
जुलाई में यमुनानगर का एक परिवार नेपाल घूमने गया था। वहां उनकी मुलाकात बच्चे से हुई। बातचीत में उसकी स्थिति की जानकारी मिलने के बाद परिवार बच्चे को अपने साथ यमुनानगर ले आया। यहां कुछ दिन उसे अपने साथ रखने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद मामला बाल कल्याण समिति (CWC) तक पहुंचा।
यहां सवाल यह भी है कि यदि बच्चे की मदद करना ही उद्देश्य था तो उसे नेपाल में ही उसके परिवार तक पहुंचाने की कोशिश क्यों नहीं की गई? आखिर एक नाबालिग बच्चे को दूसरे देश से अपने साथ हरियाणा लाने का निर्णय कैसे लिया गया? हालांकि, उपलब्ध जानकारी में यमुनानगर लाने वाले परिवार की मंशा को लेकर किसी तरह का आरोप सामने नहीं आया है। पुलिस और बाल कल्याण समिति की प्रक्रिया के बाद ही बच्चे को उसके परिजनों तक पहुंचाया गया।
CWC के चेयरमैन अशोक कुमार के अनुसार काउंसलिंग में बच्चे ने बताया कि उसकी मां की पहले ही मौत हो चुकी है। उसके पिता खाखादेर फैक्टरी में काम करते हैं और वह अपनी दादी तुली, पिता व चाचा के साथ रहता था। बालकुंज में काउंसलिंग के दौरान भी बच्चा अपने परिवार को याद कर रोता रहा।
इसके बाद बच्चे के परिजनों की तलाश के लिए हरियाणा स्टेट क्राइम ब्रांच की एंटी ह्यूमन ट्रैफिक यूनिट से संपर्क किया गया। यूनिट की मदद से बच्चे के परिवार की पहचान कर उनसे संपर्क किया गया। वीरवार को दादी और चाचा यमुनानगर पहुंचे और बच्चे को अपने साथ ले गए।
दादी से मिलते ही बच्चे के आंखों से आंसू छलक पड़े और वह उनसे लिपट गया।
- अंतरजातीय विवाह के बाद सामाजिक बहिष्कार का मामला, हाईकोर्ट का निर्देश- जांच अधिकारी निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से करें जांच
- अवैध संबंध के शक में खौफनाक वारदात: किराएदार ने गला दबाकर की मकान मालिक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
- Rahul Gandhi MP visit: राहुल गांधी के दौरे का शेड्यूल जारी, कार्यक्रम से पहले MP पुलिस पर पवन खेड़ा का तीखा हमला
- मिड-डे मील पर बड़ा दांव: अब बच्चों के साथ पंगत में बैठेंगे मास्टर साहब; प्रयागराज स्कूल समीक्षा से सामने आई हैरान करने वाली रिपोर्ट
- रिहायशी मकान में दुकान-ऑफिस चला रहे हैं तो हो जाएं सावधान! 12 हजार से ज्यादा जगहों पर निगम की नजर, शुरू हुई सीलिंग की कार्रवाई



