यमुनानगर। भाजपा नेता नेपालजी सिंह राणा शुक्रवार सुबह गांव खेड़की ब्राह्मण पहुंचे, जहां उन्होंने चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने गांव में हुए विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए ग्रामीणों से जाना कि अब तक कौन-कौन से कार्य पूरे हो चुके हैं, कौन से कार्य प्रगति पर हैं और किन विकास कार्यों की अभी भी जरूरत है।
चौपाल में ग्रामीणों ने गांव की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों से उन्हें अवगत कराया। नेपाल सिंह राणा ने खेतों तक जाने वाले सभी रास्तों का निर्माण जल्द से जल्द कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने ग्रामीणों को सरकार की ओर से जोहड़ों की सफाई एवं सौंदर्यीकरण के लिए चलाई जा रही विशेष योजनाओं की जानकारी भी दी। साथ ही गांव की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ और सुंदर गांव बनाने के लिए सभी ग्रामीणों को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने इस विषय पर आपसी चर्चा और सामूहिक भागीदारी पर भी जोर दिया।
नेपाल सिंह राणा ने किसानों को सरकार की भवांतर योजना की विस्तार से जानकारी देते हुए ऐसी फसलों को प्राथमिकता देने की सलाह दी, जिन्हें सरकार भवांतर योजना के तहत खरीदती है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से ग्रामीणों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन इनका पूरा लाभ तभी मिलेगा जब लोग इनके प्रति जागरूक होंगे। जागरूक नागरिक और समाज के सहयोग से सरकार विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू कर सकती है।
अपने संबोधन में नेपाल सिंह राणा ने आधुनिकता के साथ-साथ गांव की संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों को भी सहेजकर रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुरानी और युवा पीढ़ी यदि मिलकर गांव के विकास के लिए कार्य करें तो गांव प्रगति और सामाजिक समरसता का आदर्श बन सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


