पूर्वी दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके में महज 22 गज के मकान को लेकर चल रहे विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि 71 वर्षीय ताऊ ने अपने 26 वर्षीय बेटे के साथ मिलकर अपने सगे भतीजे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात शनिवार देर रात घर के बाहर हुई। पुलिस ने हत्या के करीब 10 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पानी लेने नीचे गया था मोहम्मद अली
मृतक की पहचान मोहम्मद अली (28) के रूप में हुई है। वह सुंदर नगरी स्थित 22 गज के मकान की पहली मंजिल पर परिवार के साथ रहता था और पान की दुकान चलाता था। मकान के भूतल पर उसका ताऊ नसीरुद्दीन अपने परिवार के साथ रहता था।
मृतक की पत्नी इल्मा के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11 बजे परिवार ने साथ खाना खाया था। इसके बाद रात करीब 12:30 बजे मोहम्मद अली पानी लेने के लिए नीचे गया। आरोप है कि गली में पहले से मौजूद नसीरुद्दीन और उसका बेटा जावेद उस पर टूट पड़े।
पांच मिनट में कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने मोहम्मद अली पर चाकू से पेट, सीने और हाथ पर पांच वार किए। शोर सुनकर पत्नी ने गली में देखा तो दोनों आरोपी हमला कर रहे थे। वह सीढ़ियों से नीचे पहुंचती, उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन घायल मोहम्मद अली को जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक साल से चल रहा था मकान का विवाद
मृतक के भाई तालिब ने बताया कि परिवार में करीब एक साल से मकान को लेकर विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि नसीरुद्दीन मकान पर कब्जा करना चाहता था। पिछले आठ महीने से संपत्ति का मामला कड़कड़डूमा कोर्ट में भी चल रहा था।
नंद नगरी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर नसीरुद्दीन (71) और जावेद (26) को गिरफ्तार किया है। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि मकान पर कब्जे के विवाद में हत्या हुई है। मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इसकी जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



