इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की। इस दौरान नेतन्याहू ने पीएम मोदी को इजरायल के स्वतंत्रता दिवस पर भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के साथ मशाल प्रज्वलित करने के समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। कैप्टन स्मित मच्छार ने विमान में सवार 170 से अधिक लोगों की जान बचाकर असाधारण साहस और सूझबूझ का परिचय दिया था।

कैप्टन स्मित मच्छार के साहस को इजरायल का सम्मान

नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर पीएम मोदी को निमंत्रण देने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोदी ने आमंत्रण के लिए उनका आभार जताया और भारत-इजरायल के मजबूत संबंधों की सराहना की।

बताया गया है कि कैप्टन स्मित मच्छार ने दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान में आपात स्थिति के दौरान घायल होने के बावजूद यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई थी। इससे पहले, इजरायल के राष्ट्रपति ने भी उन्हें स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रित किया था और देश के सर्वोच्च नागरिक वीरता सम्मानों में शामिल सम्मान देने की घोषणा की थी।

पीएम मोदी ने भारत-इजरायल संबंधों पर क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नेतन्याहू के साथ हुई बातचीत की जानकारी X पर साझा की। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में जारी प्रगति की समीक्षा की और भारत-इजरायल साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

पीएम मोदी के मुताबिक, बातचीत के दौरान पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रमों पर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया।

पश्चिम एशिया में शांति के लिए संवाद पर जोर

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, पीएम मोदी ने बातचीत के दौरान भारत के इस रुख को दोहराया कि पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने के लिए संवाद और कूटनीति को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत-इजरायल विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता जताई। यह बातचीत ऐसे समय हुई है, जब पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अहम बना हुआ है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m