Lifestyle Desk – गर्मी का मौसम आते ही बाजारों में फलों के राजा आम की बहार छा जाती है. रसीले, मीठे और स्वाद से भरपूर आम हर उम्र के लोगों की पहली पसंद बन जाते हैं. कोई आम को काटकर खाना पसंद करता है तो कोई शेक, स्मूदी, आइसक्रीम या सलाद के रूप में इसका आनंद लेता है. लेकिन स्वाद के चक्कर में कई बार लोग ऐसे खाद्य पदार्थों के साथ आम का सेवन करने लगते हैं, जिन्हें आयुर्वेद में “विरुद्ध आहार” माना गया है. आयुर्वेद के अनुसार कुछ चीजों का गलत संयोजन शरीर में पाचन संबंधी समस्याएं, त्वचा रोग और अन्य स्वास्थ्य परेशानियां पैदा कर सकता है. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि आम के साथ किन चीजों को खाने से बचना चाहिए.

आम और दही
कई लोग आम और दही को मिलाकर खाना पसंद करते हैं, लेकिन आयुर्वेद इसे सही नहीं मानता. दही की तासीर ठंडी होती है जबकि आम गर्म प्रकृति का फल माना जाता है. दोनों का संयोजन शरीर में असंतुलन पैदा कर सकता है. इससे पेट में गै, अपच, एलर्जी और त्वचा संबंधी समस्याएं हो सकती हैं. खासतौर पर जिन लोगों को पहले से पाचन संबंधी दिक्कत हो, उन्हें यह कॉम्बिनेशन अवॉइड करना चाहिए.
आम और दूध
आम के साथ दूध का सेवन बहुत आम है, खासकर मैंगो शेक के रूप में. हालांकि आयुर्वेद में इसे लेकर अलग राय है. ज्यादा मात्रा में या गलत तरीके से लिया गया यह संयोजन पाचन तंत्र पर असर डाल सकता है. इससे पेट भारी लगना, एसिडिटी और सुस्ती जैसी समस्याएं हो सकती हैं. विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर दूध और आम का सेवन करना हो तो दोनों की मात्रा संतुलित होनी चाहिए और पका हुआ मीठा आम ही इस्तेमाल करना चाहिए.
आम और मसालेदार भोजन
आम खाने के तुरंत बाद बहुत ज्यादा तीखा या मसालेदार भोजन करना भी शरीर के लिए ठीक नहीं माना जाता. इससे शरीर में गर्मी बढ़ सकती है और पेट में जलन, एसिडिटी या मुंहासों की समस्या हो सकती है. गर्मियों में यह कॉम्बिनेशन डिहाइड्रेशन और बेचैनी की वजह भी बन सकता है.
आम और कोल्ड ड्रिंक
आजकल कई लोग आम के साथ कोल्ड ड्रिंक या सोडा लेना पसंद करते हैं. लेकिन यह आदत सेहत पर बुरा असर डाल सकती है. आम में प्राकृतिक शुगर काफी मात्रा में होती है और कोल्ड ड्रिंक में अतिरिक्त चीनी. दोनों साथ लेने से ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है. इसके अलावा पाचन तंत्र पर भी दबाव पड़ता है और मोटापा बढ़ने का खतरा रहता है.
आम और कड़वी चीजें
आयुर्वेद के अनुसार आम खाने के तुरंत बाद करेला, हरी मिर्च या बहुत कड़वे खाद्य पदार्थों का सेवन नहीं करना चाहिए. इससे मतली, उल्टी और पाचन संबंधी परेशानियां हो सकती हैं. स्वाद और तासीर का यह विरोध शरीर के लिए नुकसानदायक माना जाता है.
कैसे खाएं आम?
विशेषज्ञों के अनुसार आम को सीमित मात्रा में और सही समय पर खाना सबसे बेहतर होता है. आम खाने से पहले उसे कुछ देर पानी में भिगोकर रखना फायदेमंद माना जाता है. साथ ही इसे खाली पेट या बहुत ज्यादा भोजन के तुरंत बाद खाने से बचना चाहिए. स्वाद के साथ सेहत का संतुलन बनाए रखना जरूरी है. इसलिए इस गर्मी आम का आनंद जरूर लें, लेकिन सही खानपान के नियमों का ध्यान रखते हुए.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

