दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय अंग प्रत्यारोपण कार्यक्रम के तहत केंद्र सरकार के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता किया है। इस संबंध में राष्ट्रीय अंग प्रत्यारोपण कार्यक्रम (NOTP) के तहत दिल्ली सरकार और भारत सरकार के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस समझौते से दिल्ली में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन (SOTTO) की स्थापना का रास्ता साफ होगा। इससे राजधानी में अंगदान और अंग प्रत्यारोपण की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मानव अंग और ऊतक प्रत्यारोपण अधिनियम के तहत देश में अंग प्रत्यारोपण की व्यवस्था तीन स्तरों पर संचालित होती है- राष्ट्रीय स्तर पर नेशनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांटेशन ऑर्गनाइजेशन (NOTTO), क्षेत्रीय स्तर पर रीजनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांटेशन ऑर्गनाइजेशन (ROTTO), राज्य स्तर पर स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांटेशन ऑर्गनाइजेशन (SOTTO)
अलग और मजबूत व्यवस्था बनेगी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में अब तक अंग प्रत्यारोपण से जुड़े कई समन्वय कार्य नेशनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांटेशन ऑर्गनाइजेशन (NOTTO) के माध्यम से किए जा रहे थे। लेकिन राजधानी में बड़ी संख्या में ट्रांसप्लांट सेंटर होने के बावजूद अब तक राज्य स्तर पर स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन (SOTTO) की अलग व्यवस्था स्थापित नहीं हो पाई थी।
उन्होंने कहा कि अब SOTTO की स्थापना होने से अंग प्रत्यारोपण से जुड़े कार्यों को संभालने के लिए राज्य स्तर पर एक मजबूत और समर्पित व्यवस्था तैयार होगी। दिल्ली में SOTTO की शुरुआत के बाद कई महत्वपूर्ण काम अधिक व्यवस्थित तरीके से हो सकेंगे, जैसे अंगों का आवंटन (ऑर्गन अलॉटमेंट), प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) का प्रबंधन, अस्पतालों के बीच बेहतर समन्वय, मृतक अंगदान को बढ़ावा देना, प्रत्यारोपण के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था, और सभी मामलों का सटीक रिकॉर्ड बनाए रखना सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से राजधानी में अंगदान और प्रत्यारोपण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी हो सकेगी, जिससे मरीजों को समय पर इलाज मिलने में मदद मिलेगी।
कर्मचारियों को दी जाएगी ट्रेनिंग
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अंगदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे और अस्पतालों के कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि राष्ट्रीय अंग प्रत्यारोपण कार्यक्रम (NOTP) को और प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के साथ समझौता होने के बाद दिल्ली को स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन (SOTTO) की स्थापना के लिए वित्तीय सहायता, कार्यालय, आईटी सिस्टम और संचालन के लिए नियमित अनुदान भी मिलेगा।
इसके अलावा इस पहल के तहत राज्य स्तर पर अंगदान जागरूकता अभियान और आईईसी गतिविधियों को मजबूत किया जाएगा। अंग प्रत्यारोपण से जुड़े डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। सरकारी अस्पतालों में ऑर्गन रिट्रीवल सेंटर (अंग प्राप्ति केंद्र) और ट्रांसप्लांट सुविधाओं के विकास को भी सहयोग दिया जाएगा।
अंगदान और प्रत्यारोपण होगा पारदर्शी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन (SOTTO) की स्थापना से अंगदान और प्रत्यारोपण की व्यवस्था अधिक संगठित, पारदर्शी और प्रभावी बन सकेगी। इससे अंगों के आवंटन (ऑर्गन अलॉटमेंट) और वेटिंग लिस्ट के प्रबंधन में सुधार होगा तथा अस्पतालों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था मृतक अंगदान को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगी और जरूरत पड़ने पर ग्रीन कॉरिडोर जैसी व्यवस्थाओं को तेजी से लागू करने में भी मदद करेगी। इससे पूरे सिस्टम को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकेगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक इस पहल से जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवन रक्षक अंग उपलब्ध कराने में बड़ी मदद मिलेगी, जिससे कई लोगों को नया जीवन मिल सकेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

