उत्तर प्रदेश में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए नए महाविद्यालय या संस्थान खोलने और मौजूदा संस्थानों में नए विषय व पाठ्यक्रम शुरू करने की समय-सारिणी जारी कर दी गई है. ऑनलाइन आवेदन 31 अक्टूबर तक होंगे, जबकि संबद्धता से जुड़ी अपीलों के निस्तारण की प्रक्रिया अगले वर्ष 20 मई तक पूरी होगी.
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए नए महाविद्यालय या संस्थान खोलने की प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है. मौजूदा संस्थानों में बीएड को छोड़कर नए विषय और पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए भी इसी तय समय-सारिणी के अनुसार आवेदन और जांच की प्रक्रिया पूरी होगी.
उच्च शिक्षा विभाग ने सभी राज्य विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं. नए संस्थानों और पाठ्यक्रमों के लिए विश्वविद्यालयों में अनापत्ति से जुड़े प्रस्ताव 31 अक्टूबर तक ऑनलाइन जमा किए जा सकेंगे.
भूमि अभिलेखों की जांच
आवेदनों में शामिल भूमि से संबंधित दस्तावेजों का राजस्व विभाग के स्तर पर सत्यापन अगले वर्ष 5 जनवरी तक पूरा किया जाएगा. इसमें खतौनी, संयुक्तता प्रमाणपत्र और नजरी नक्शे की जांच शामिल होगी.
इसके बाद संबंधित जिलाधिकारी को प्रस्ताव भेजा जाएगा. जिलाधिकारी को प्रस्ताव मिलने के सात दिन के भीतर इसे आगे भेजना होगा और अधिकतम एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट ऑनलाइन उपलब्ध करानी होगी.
अनापत्ति और अपील
विश्वविद्यालय स्तर से अनापत्ति आदेश अगले वर्ष 20 जनवरी तक जारी किए जाएंगे. विश्वविद्यालय के निर्णय से असंतुष्ट पक्ष 30 जनवरी तक शासन के समक्ष अपील कर सकेगा, जिस पर 20 फरवरी तक फैसला किया जाना निर्धारित है.
इसके बाद निरीक्षण मंडल का गठन 5 मार्च तक किया जाएगा. निरीक्षण मंडल में विषय विशेषज्ञ और सदस्य सचिव शामिल होंगे तथा 5 अप्रैल तक निरीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध करानी होगी.
मई तक पूरी होगी प्रक्रिया
निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबद्धता 20 अप्रैल तक दी जाएगी. संबद्धता के खिलाफ 30 अप्रैल तक अपील की जा सकेगी और इन अपीलों का निस्तारण 20 मई तक किया जाएगा.
निरीक्षण की दो संभावित तिथियां पोर्टल पर प्रदर्शित की जाएंगी. जरूरत पड़ने पर निरीक्षण रिपोर्ट का शासन स्तर पर दोबारा सत्यापन भी कराया जा सकेगा.


