Technology Desk: WhatsApp अपने यूजर्स के लिए लगातार नए फीचर्स पेश कर रहा है। अब कंपनी ने इवेंट्स (Events) फीचर को पहले से ज्यादा उपयोगी बना दिया है। नए अपडेट के बाद यूजर्स उन लोगों को भी इवेंट का इनविटेशन भेज सकेंगे, जिनका WhatsApp पर अकाउंट नहीं है। इसके लिए सिर्फ इवेंट का लिंक शेयर करना होगा।

खास बात यह है कि इनविटेशन पाने वाले व्यक्ति को RSVP देने के लिए WhatsApp डाउनलोड करने या अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा कंपनी ने Events Home नाम का नया फीचर भी पेश किया है। यहां यूजर्स अपने पुराने और आने वाले सभी इवेंट्स को एक जगह मैनेज कर सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, ये नए फीचर्स आने वाले हफ्तों में सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किए जाएंगे।

WhatsApp Events में क्या-क्या बदला?

WhatsApp ने मई 2024 में सबसे पहले कम्युनिटीज के लिए Events फीचर पेश किया था। इसकी मदद से यूजर्स किसी कार्यक्रम का इवेंट बना सकते थे और दूसरे मेंबर्स को इनवाइट कर सकते थे। बाद में इस सुविधा को WhatsApp ग्रुप चैट्स के लिए भी शुरू किया गया। इसके जरिए यूजर्स बता सकते थे कि वे किसी कार्यक्रम में शामिल होंगे या नहीं।

अब कंपनी ने इस फीचर में कई नए बदलाव किए हैं। सबसे बड़ा बदलाव इवेंट लिंक शेयर करने की सुविधा है। अब यूजर्स इवेंट बनाकर उसका लिंक उन लोगों को भी भेज सकते हैं, जो WhatsApp इस्तेमाल नहीं करते। इससे किसी पार्टी, मीटिंग या दूसरे कार्यक्रम के लिए लोगों को बुलाना आसान हो जाएगा।

बिना WhatsApp अकाउंट के भी दे सकेंगे RSVP

नए अपडेट के बाद इवेंट में शामिल होने वाले लोगों के लिए WhatsApp अकाउंट होना जरूरी नहीं होगा। यूजर सबसे पहले WhatsApp पर अपना इवेंट तैयार कर सकेगा। इसके बाद वह इवेंट की कवर फोटो लगा सकता है और उसका लिंक दूसरों के साथ शेयर कर सकता है।

इनविटेशन पाने वाला व्यक्ति लिंक खोलकर अपना RSVP दे सकेगा। यानी वह बता सकेगा कि कार्यक्रम में शामिल होगा या नहीं। इवेंट बनाने वाले व्यक्ति को भी यह जानकारी मिल जाएगी कि कितने लोग कार्यक्रम में आने वाले हैं। इससे आयोजन की तैयारी करने में आसानी होगी। खास बात यह है कि गेस्ट यूजर्स को RSVP देने के लिए ऐप डाउनलोड करने या WhatsApp अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं होगी।

WhatsApp ने लॉन्च किया Events Home

WhatsApp ने Events Home नाम का नया फीचर भी पेश किया है। इसे इवेंट मैनेज करने के लिए एक सेंट्रलाइज्ड हब के तौर पर तैयार किया गया है।इसकी मदद से यूजर्स अपने सभी इवेंट्स को एक जगह देख और मैनेज कर सकेंगे। इसमें वे इवेंट भी दिखाई देंगे, जिन्हें यूजर ने खुद बनाया है या जिनमें उसे इनवाइट किया गया है। Events Home में कई सुविधाएं मिलेंगी।

यूजर्स अपने इवेंट्स के लिए कस्टम इनविटेशन बना सकेंगे। आने वाले इवेंट्स के RSVP मैनेज कर सकेंगे। कार्यक्रम के लिए रिमाइंडर सेट कर सकेंगे। किसी इवेंट में प्लस-वन यानी अपने साथ एक अतिरिक्त व्यक्ति को जोड़ सकेंगे।
पुराने और आने वाले इवेंट्स की लिस्ट देख सकेंगे।

इस फीचर को इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को WhatsApp की Settings में जाना होगा। यहां Events विकल्प चुनने पर इवेंट्स की लिस्ट दिखाई देगी।

गेस्ट यूजर्स का फोन नंबर नहीं होगा शेयर

WhatsApp ने गेस्ट यूजर्स की प्राइवेसी को लेकर भी जानकारी दी है। कंपनी के मुताबिक, जब कोई यूजर बिना WhatsApp अकाउंट वाले व्यक्ति को इवेंट का इनविटेशन भेजेगा, तो उसका फोन नंबर शेयर नहीं किया जाएगा। हालांकि, गेस्ट यूजर को कार्यक्रम का पता तभी दिखाई देगा, जब वह इनविटेशन का RSVP सबमिट कर देगा। इससे इवेंट में शामिल होने वाले लोगों की जानकारी और प्राइवेसी का ध्यान रखा जा सकेगा।

Snapchat के फीचर जैसा है WhatsApp Events Home

WhatsApp का नया Events Home काफी हद तक Snapchat के Plans फीचर जैसा है। Snapchat ने भी यूजर्स के लिए इवेंट मैनेजमेंट की सुविधा शुरू की है। इस तरह के फीचर की मदद से यूजर्स को अलग-अलग पेज पर जाने की जरूरत नहीं पड़ती। वे एक ही जगह से अपने कार्यक्रम और इनविटेशन मैनेज कर सकते हैं।

कब मिलेगा WhatsApp का नया अपडेट?

WhatsApp ने बताया है कि नए Events फीचर्स को आने वाले हफ्तों में सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किया जाएगा। हालांकि, सभी यूजर्स तक अपडेट पहुंचने में थोड़ा समय लग सकता है। अपडेट मिलने के बाद यूजर्स इवेंट लिंक शेयर करने, बिना अकाउंट वाले लोगों से RSVP लेने और Events Home के जरिए अपने कार्यक्रम मैनेज करने जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे।