हरियाणा में बड़ा औद्योगिक बदलाव आने वाला है, CM सैनी ने उद्योगपतियों के साथ हाई लेवल मीटिंग में 10 नए IMT और नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी का संकेत दिया ।

कृष्ण कुमार सैनी, नई दिल्ली। हरियाणा में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने साफ संकेत दिए हैं कि राज्य में जल्द ही नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी लागू की जाएगी और इसके तहत बड़े स्तर पर निवेश आकर्षित किया जाएगा। इसी कड़ी में बुधवार को हरियाणा भवन, नई दिल्ली में आयोजित हाई लेवल मीटिंग में मुख्यमंत्री ने देश-विदेश के उद्योगपतियों के साथ सीधे संवाद कर उनकी राय ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी 2026 को अंतिम रूप देने से पहले उद्योग जगत की जरूरतों को समझ रही है, ताकि पॉलिसी को अधिक व्यावहारिक और निवेश अनुकूल बनाया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का फोकस “Ease of Doing Business (व्यवसाय करने में आसानी)” को और बेहतर बनाना और निवेशकों को पारदर्शी व सरल सिस्टम देना है।

बैठक में सबसे बड़ा ऐलान 10 नए इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (IMT) विकसित करने को लेकर रहा। मुख्यमंत्री ने बताया कि अंबाला और नारायणगढ़ में जमीन खरीद की प्रक्रिया जारी है, जबकि भविष्य में और भी स्थानों पर IMT विकसित किए जाएंगे। खास बात यह भी रही कि जापानी कंपनियों के लिए एक विशेष इंडस्ट्रियल जोन बनाने की योजना पर भी काम चल रहा है।

निवेश को लेकर भी बड़े संकेत मिले। Continental AG से जुड़ी कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रशांत दोरेस्वामी ने मानेसर-धारूहेड़ा में करीब 1000 करोड़ रुपये के निवेश से इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक प्लांट लगाने की योजना बताई। वहीं Panasonic ने झज्जर प्लांट का विस्तार कर उत्पादन 5 लाख से बढ़ाकर 20 लाख यूनिट करने और करीब 200 करोड़ रुपये निवेश की घोषणा की।

डिफेंस सेक्टर में भी हरियाणा को बड़ा फायदा मिल सकता है। Israel Aerospace Industries की भारतीय इकाई ने देश में 3000 करोड़ रुपये निवेश की योजना साझा की, जिसमें हरियाणा भी संभावित लोकेशन के रूप में शामिल है। इसे “Make in India (भारत में निर्माण)” और “Make in Haryana” के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर भी सरकार सक्रिय दिखी। कंपनियों द्वारा बेहतर कनेक्टिविटी की मांग पर मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम से झज्जर तक सड़क को 6-लेन करने और चंदू बाईपास को मंजूरी मिलने की जानकारी दी। साथ ही एक्सपोर्ट बढ़ाने के लिए नई सब्सिडी स्ट्रक्चर पर भी काम करने के निर्देश दिए गए।

राज्य सरकार हर निवेशक को करेगी पूरा सहयोग

मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों से R&D (Research and Development – अनुसंधान एवं विकास) और नई तकनीकों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि हरियाणा को इंडस्ट्रियल इनोवेशन का हब बनाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर निवेशक को पूरा सहयोग देगी और हरियाणा को देश की सबसे आकर्षक निवेश डेस्टिनेशन बनाने के लिए लगातार काम जारी रहेगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H