हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक हब पीथमपुर अब एक और बड़ी सौगात का गवाह बना है। निर्माण उपकरण बनाने वाली कंपनी ने करीब 972 करोड़ रुपये के निवेश से अपनी नई उत्पादन इकाई का उद्घाटन किया है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इस मौके पर कहा कि प्रदेश तेजी से देश का मैन्युफैक्चरिंग और निवेश केंद्र बन रहा है। उन्होंने निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास को लेकर कई बड़े आंकड़े भी साझा किए।
धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित इस नई यूनिट के शुरू होने से निर्माण उपकरणों के उत्पादन में बड़ा इजाफा होगा। सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ अभियान को नई मजबूती देगी। उन्होंने बताया कि कंपनी की उत्पादन क्षमता अब लगभग 3,250 मशीनों से बढ़कर 7,500 मशीनें प्रतिवर्ष हो जाएगी।
ये भी पढ़ें: सीएम डॉ. मोहन ने 10 साल बाद दिया प्रमोशन: गदगद हुए कर्मचारी, ढोल-नगाड़ों से किया स्वागत
मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस परियोजना से सीधे 600 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा, जबकि सहायक उद्योगों और सप्लाई चेन को मिलाकर 5 हजार से ज्यादा रोजगार के अवसर तैयार होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय स्तर पर बनने वाले कंपोनेंट्स की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगी, जिससे प्रदेश के एमएसएमई और ऑटो कंपोनेंट उद्योग को भी फायदा मिलेगा।
ये भी पढ़ें: इंदौर जू में बनेगा रोमांच का नया ठिकाना: देश का पहला 14D थिएटर होगा शुरू, मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने निवेश के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि इस साल जनवरी से जून के बीच प्रदेश को 76,872 करोड़ रुपये के नए निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनसे 82 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने दावा किया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बाद बड़ी संख्या में निवेश परियोजनाएं अब धरातल पर उतर रही हैं। सीएम डॉ मोहन ने कहा कि पीथमपुर आज देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल हो चुका है और आने वाले समय में मध्य प्रदेश निवेश, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

