० फ्लाईओवर निर्माण के चलते बदला गया ट्रैफिक प्लान, भारी वाहनों, कारों और बसों के लिए अलग-अलग रूट तय
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर यात्रा करने वाले लोगों को अगले कुछ दिनों तक बदले हुए ट्रैफिक रूट का सामना करना पड़ेगा। मानेसर में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा 47 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन का ट्रायल शुरू कर दिया है।
नई व्यवस्था के तहत दिल्ली से जयपुर की ओर जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों को आईएमटी चौक से डायवर्ट किया जा रहा है। ये वाहन अब झुंडसराय मार्ग से होते हुए केएमपी एक्सप्रेसवे के जरिए पचगांव पहुंचेंगे। वहीं, कार और दोपहिया वाहनों को मुख्य हाईवे के बजाय सर्विस रोड से गुजरना होगा।
बनाया गया अस्थायी बस स्टॉप
दिल्ली की ओर लौटने वाले वाहनों के लिए भी रूट में बदलाव किया गया है। मानेसर से निकलने वाले वाहनों को टीसीआई चौक से आईएमटी सेक्टर-8 होते हुए केएमपी की ओर भेजा जा रहा है। बस यात्रियों की सुविधा के लिए पावर हाउस के पास अस्थायी बस स्टॉप बनाया गया है।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आईएमटी चौक पर बैरिकेडिंग की गई है, जबकि सेक्टर-2 को अस्थायी रूप से नो-एंट्री जोन घोषित किया गया है। इस दौरान किसी भी वाहन को इस क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से की अपील
HSIIDC ने मानेसर की औद्योगिक इकाइयों को भी नई ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी देते हुए एडवाइजरी जारी की है। वहीं, मानेसर बाजार आने वाले वाहन चालकों के लिए सेक्टर-2 स्थित HSIIDC कार्यालय के सामने अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। संभावित जाम से बचने के लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस और मार्शलों की तैनाती भी की गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन रूट का पालन करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें, ताकि निर्माण कार्य के साथ यातायात भी सुचारु रूप से चलता रहे।


