दिलशाद अहमद, सूरजपुर। नौकरी लगाने के नाम पर 16 लाख रुपये की ठगी के आरोप से जुड़ा मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। रिटायर्ड SECL कर्मी की शिकायत के बाद सरपंच प्रतिनिधि बृजलाल लकड़ा ने एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपों को झूठा बताते हुए इसे राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया है। वहीं सरपंच संघ ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

दरअसल, बीते 25 सितंबर को तेजपुर निवासी रिटायर्ड SECL कर्मी बिरंजन ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया था कि गांव के ही बृजलाल लकड़ा और संतोषी लकड़ा ने उनके परिजनों की नौकरी लगाने के नाम पर उनसे 16 लाख रुपये की ठगी की है। शिकायत के बाद मामले में अब दूसरा पक्ष भी सामने आया है।

सरपंच प्रतिनिधि ने आरोपों को बताया झूठा

बृजलाल लकड़ा के साथ 8-10 सरपंच एसपी कार्यालय पहुंचे और आवेदन देकर रिटायर्ड SECL कर्मी की शिकायत को झूठा और राजनीतिक षड्यंत्र बताया है।

इस दौरान बृजलाल लकड़ा ने कहा कि वह तेजपुर गांव का सरपंच प्रतिनिधि है और उसके पास फोर व्हीलर गाड़ी है, जिसमें किराया-भाड़ा लेकर वह ड्राइवर की हैसियत से बिरंजन को कटघोरा लेकर जाता था, जहां बिरंजन और कटघोरा निवासी के बीच नौकरी लगाने का लेनदेन हुआ है। मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं है। इस मामले में मुझे राजनीतिक षड्यंत्र के तहत फंसाया जा रहा है।

वहीं सरपंच संघ के जिला कोषाध्यक्ष ने मामले में उचित जांच की मांग की है। इसको लेकर पुलिस ने कहा कि दोनों के आवेदन आए हैं। मामले में उचित जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H