अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में तीन महीने पहले हुई तीन युवकों की रहस्यमयी मौत (ट्रिपल डेथ) का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। उस समय एक कुएं से तीनों युवकों के शव मिलने के बाद पूरे संभाग में सनसनी फैल गई थी। घटना ने कई ऐसे सवाल खड़े किए थे। जिनके जवाब आज तक स्पष्ट नहीं हो सके हैं। अब इस बहुचर्चित मामले की जांच उमरिया पुलिस अधीक्षक करेंगे।
जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के कमता गांव के कालेज तिराहे के समीप 13,14 दरमियानी रात्रि सड़क के किनारे एक निजी भूमि में स्थित बिना मुंडेर के एक कुएं में रोहित शर्मा, तनुज शुक्ला और सचिन सिंह का शव मिला था। घटनास्थल पर एक क्षतिग्रस्त कार भी मिली थी। घटना के समय तीनों युवकों के शव जैतपुर क्षेत्र के एक कुएं से बरामद किए गए थे।
प्रारंभिक जांच में जैतपुर पुलिस ने इसे गांजा तस्करी से जोड़कर देख रही थी। पुलिस के जांच में सामने आया था सड़क दुर्घटना के बाद कुएं में गिरने से तीनों युवकों की मौत हुई है। इसी मामले में जैतपुर पुलिस ने गांजा जब्त कर कुछ लोगों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए उन्हें गिरफ्तार भी किया था।
पुलिस ने जांच शुरू की थी, लेकिन मृतकों के परिजनों ने शुरुआत से ही मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई। उनका आरोप रहा कि तीनों युवकों की मौत महज हादसा नहीं हो सकती और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। परिजनों की लगातार मांग और मामले की गंभीरता को देखते हुए अब जांच की जिम्मेदारी उमरिया पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है।
एसपी स्तर पर जांच होने से उम्मीद बढ़ी है कि अब घटनास्थल से लेकर उपलब्ध साक्ष्यों, गवाहों के बयान और अब तक की पूरी विवेचना की दोबारा गहन समीक्षा की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की आपराधिक साजिश या हत्या के संकेत मिलते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जैतपुर की यह घटना उस समय पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई थी। एक ही कुएं से तीन युवकों के शव मिलने की घटना ने कई सवाल खड़े किए थे, जिनका जवाब आज भी मृतकों के परिजन तलाश रहे हैं। अब सभी की निगाहें उमरिया एसपी की जांच पर टिकी हैं। जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह एक दुखद हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह थी।
फिलहाल पुलिस ने जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। मामले में आधिकारिक निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे। इस पूरे मामले में उमरिया पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी का कहना है कि मामले की जांच मैं नहीं कर रहा हूं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

