Tamil Nadu Gold Ring Scheme: तमिलनाडु सरकार ने नवजात शिशुओं के लिए 1 ग्राम सोने की अंगूठी देने वाली योजना शुरू करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय 28 सितंबर को इस योजना की शुरुआत करेंगे। सरकार के मुताबिक, पहले चरण में वितरण के लिए 1.28 लाख सोने की अंगूठियां खरीदी गई हैं।

सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को मिलेगा लाभ

इस योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले सभी नवजात बच्चों को 1 ग्राम सोने की अंगूठी दी जाएगी। सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, प्रत्येक अंगूठी पर एक विशेष सीरियल नंबर दर्ज होगा। योजना का लाभ लेने के लिए बच्चे के लाभार्थी परिवार का तमिलनाडु का स्थायी निवासी होना जरूरी होगा।

क्या है ‘थाई मामन गोल्ड रिंग स्कीम’?

तमिलनाडु चुनाव 2026 से पहले तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के घोषणापत्र में इस योजना का वादा किया गया था। पार्टी ने इसे ‘थाई मामन गोल्ड रिंग स्कीम’ नाम दिया था।

घोषणापत्र में कहा गया था कि तमिलनाडु में हर बच्चे के जन्म का जश्न मनाने के लिए सरकार की ओर से नवजात को 1 ग्राम सोने की अंगूठी दी जाएगी। इसके साथ ‘बेबी वेलकम किट’ देने का भी प्रस्ताव था। इसमें न्यूट्रिशनल सप्लीमेंट्स, बेबी सोप, कपड़े, बेबी ऑयल, बेबी पाउडर, खिलौने, नैपकिन, मच्छरदानी और डायपर जैसी जरूरी चीजें शामिल करने की बात कही गई थी।

शादी के लिए 8 ग्राम सोने का भी वादा

TVK के घोषणापत्र में शादी से जुड़ी एक अन्य योजना का भी उल्लेख था। इसके तहत बहनों की शादी के मौके पर 8 ग्राम सोना और अच्छी गुणवत्ता की सिल्क साड़ी देने का वादा किया गया था।

तमिलनाडु सरकार की नवजात शिशुओं के लिए सोने की अंगूठी योजना को 2026 के चुनावी घोषणापत्र में किए गए प्रमुख वादों में से एक के क्रियान्वयन के तौर पर देखा जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m