रामकुमार यादव, सरगुजा। अंबिकापुर जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं मायके वालों का आरोप है कि ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर उनकी बेटी ने फांसी लगाई है। मौके पर दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की स्थिति भी बन गई।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सीमा यादव के रूप में हुई है। करीब चार साल पहले उसकी शादी देवगढ़ निवासी सतीश यादव से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही सीमा को पति, देवर, सास और ससुर द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। प्रताड़ना से परेशान होकर सीमा ने गांव के पास एक विशाल पेड़ पर चढ़कर फांसी लगा ली।


मारपीट के चोट के निशान मिलने का आरोप
मायके पक्ष का आरोप है कि मृतका के शरीर पर मारपीट के चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे उसके साथ शारीरिक प्रताड़ना की आशंका जताई जा रही है। परिजनों का कहना है कि सीमा अपने साथ हो रही प्रताड़ना की जानकारी देती थी, लेकिन सामाजिक बदनामी के डर से उसके पिता उसे समझाते रहे कि बेटी सब ठीक हो जाएगा, सहन कर लो।
सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों के आरोपों के आधार पर सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

