इदरीश मोहम्मद, पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के गुनौर से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खोलती एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सर्पदंश का शिकार हुई एक नवविवाहिता को समय पर इलाज और एंटी-स्नेक वेनम न मिलने के कारण उसने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। महज तीन महीने पहले परिणय सूत्र में बंधी युवती की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और लापरवाह डॉक्टरों पर FIR दर्ज करने की मांग की।

जहरीले सांप ने गाल पर काट लिया

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मुराछ निवासी 19 वर्षीया सपना बाई वंशकार को शनिवार-रविवार की दरमियानी रात सोते समय एक जहरीले सांप ने गाल पर काट लिया। परिजन तत्काल उसे गुनौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में कोई भी डॉक्टर मौजूद नहीं था और वहां तैनात कर्मचारियों ने मरीज को प्राथमिक उपचार या एंटी-स्नेक वेनम देने के बजाय सीधे पन्ना जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

नवविवाहिता ने दम तोड़ दिया

इलाज और एंबुलेंस में देरी के कारण पन्ना ले जाते समय सकरिया के पास नवविवाहिता ने दम तोड़ दिया। मृतका सपना की शादी इसी वर्ष 29 जून को हुई थी और शादी के महज 90 दिन बाद ही उसका सुहाग उजड़ गया। स्वास्थ्य केंद्र की इस घोर लापरवाही से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गुनौर स्वास्थ्य केंद्र के सामने मुख्य मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया और चक्काजाम कर दिया।

अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि ड्यूटी से गायब डॉक्टरों और लापरवाह स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर उन्हें निलंबित किया जाए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m