Bihar Crime: बिहार के नवादा में एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत होने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज में 10 लाख की डिमांड नहीं पूरी करने पर हत्या कर देने का गंभीर आरोप लगाया है। पूरा मामला अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र स्थित जलालपुर गांव का है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय विनीता कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज चार महीने पहले ही हुई थी।

परिवार की इकलौती बेटी थी मृतका

घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका विनीता कुमारी रजौली थाना क्षेत्र के केदुआ गांव निवासी राजेंद्र यादव की इकलौती बेटी थी। परिवार ने बड़े ही धूम-धाम के साथ उसका विवाह जलालपुर निवासी दयानंद यादव के बेटे सोनू कुमार के साथ की थी।

शादी के बाद 10 लाख की मांग

परिजनों का कहना है कि शादी के समय करीब दो लाख रुपये दहेज के तौर पर लड़के पक्ष को दिया गया था। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष की ओर 10 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। मांगे पूरी नहीं होने पर विनीता को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के भाई दीपू कुमार ने बताया कि कई बार विनीता के साथ मारपीट भी की गई थी।

हत्या कर शव को लटकाने का आरोप

परिजनों के मुताबिक ससुराल वालों ने मारपीट कर विनीता की हत्या की है। घटना की जानकारी होने के बाद जब वह बेटी के ससुराल पहुंचे तब तक काफी देर हो चुकी थी। आरोप है कि ससुराल वालों ने पहले मारपीट कर उसकी हत्या की और बाद में शव को रस्सी से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। वहीं, सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

ससुराल वाले फरार

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली वजह का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिसने परिवार वालों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं, दूसरी ओर घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें- बिहार में BJP नेता के भांजे की गोली मारकर हत्या, बहनोई घायल, पुलिस ने आरोपी का किया हाफ एनकाउंटर