हर्षित तिवारी, खातेगांव। NEWS 24 MP-CG & लल्लूराम डॉट कॉम के पत्रकार हर्षित तिवारी पर साजिश के तहत जान से मारने का प्रयास किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पत्रकार हर्षित तिवारी निजी कार्य से सीहोर जिले से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार 6–7 अज्ञात लोगों ने करीब तीन किलोमीटर तक लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ उनका पीछा किया और जान से मारने की साजिश रची।
पत्रकार हर्षित तिवारी ने अपनी सूझबूझ, सतर्कता और साहस का परिचय देते हुए किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना के बाद मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी देने के साथ अश्लील गालियां भी दी गईं। इस पूरे मामले को लेकर पीड़ित पत्रकार नेमावर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपा है।
स्थानीय पत्रकार,पत्रकार संगठनों एवं क्षेत्रवासियों ने पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मांग की गई है कि आरोपियों का जुलूस निकालकर सख्त संदेश दिया जाए। जिला प्रशासन से आग्रह है कि मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेकर कार्रवाई सुनिश्चित करे।

