कुंदन कुमार, पटना। बिहार में नई सरकार के गठन होने को लेकर सियासी हलचल काफी तेज हो गई है। बीजेपी ने कल मंगलवार (14) अप्रैल को पार्टी कार्यालय में पार्टी विधायक की बैठक बुलाई है। इसकी जानकारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दी है। उन्होंने बताया कि, पार्टी विधायकों की इस बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे।

कल चुना जाएगा विधायक दल का नेता

संजय सरावगी ने बताया कि, इस बैठक में बीजेपी विधायक दल के नेता का चयन होगा। साथ ही कल की विधानसभा के सेंट्रल हाल में एनडीए विधायक की भी बैठक दिन में चार बजे होगी, जिसमें विधायक दल के नेता का सर्वसम्मति से चुनाव होगा। बता दें कि बैठक के बाद नए बिहार मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा होने की उम्मीद है। 243 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए के सदस्यों की संख्या 202 है। इसमें भी भाजपा के विधायक 89, जदयू के 85 और लोजपा (रा) के 19 सदस्य हैं।

श्रेयसी सिंह बन सकती हैं दूसरी महिला सीएम

बीजेपी से मौजूदा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को सीएम पद के संभावित उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि बिहार का अगला सीएम कौन होगा इसका चुनाव विधायक दल की बैठक के बाद ही साफ हो पाएगा। वैसे सम्राट चौधरी के अलावा खेल मंत्री श्रेयसी सिंह का भी नाम सीएम की रेस में चल रहा है। कहा जा रहा है कि राबड़ी देवी के बाद श्रेयसी सिंह बिहार की दूसरी महिला मुख्यमंत्री बन सकती हैं। हालांकि बीजेपी के पिछले ट्रैक रिकॉर्ड को देखें तो इन दो नामों के अलावा कोई तीसरा नाम बिहार सीएम के लिए आ जाए तो यह कोई चौंकाना वाला बात नहीं होगी।

नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक कल

बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कल मंगलवार 14 अप्रैल को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की अधिसूचना के अनुसार, बैठक सुबह 11 बजे होगी। सूत्रों के अनुसार, यह मंत्रिमंडल की आखिरी बैठक होगी, जिसके तत्काल बाद नीतीश कुमार राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। इसके बाद 15 अप्रैल को राज्य को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है।

ये भी पढ़ें- ‘जाते-जाते खजाना खाली कर गए’, तेजस्वी का CM नीतीश पर बड़ा हमला, इस बात को लेकर जताया दुख