हेमंत शर्मा, इंदौर। एमपी के इंदौर से अंधविश्वास का एक खौफनाक चेहरा सामने आया है। जहां भूत-प्रेत और तंत्र-मंत्र के शक में एक युवक ने अपने ही साथी मजदूर की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह पूरा मामला राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, इंदौर के राजेंद्र नगर क्षेत्र में दो दिन पहले एक खुले मैदान में खून से सना अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। जांच में जुटी पुलिस को घटनास्थल से बिना सिम कार्ड वाले दो कीपैड मोबाइल फोन मिले, जो इस अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने में अहम सुराग साबित हुए। जिसमें साइबर सेल की मदद से मोबाइल डेटा खंगालने पर मृतक की पहचान सागर निवासी गोलू उर्फ कृष्ण कुमार अहिरवार के रूप में हुई।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर में फिर लव जिहाद: इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध, प्रेग्नेंट होने पर अबॉर्शन और धर्म परिवर्तन की कही बात
भूत दिखने का भ्रम और मार डाला
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास को बैतूल से और उसके दो साथियों भूरा और कृष्णा को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। जिनसे पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विकास को भ्रम हो गया था कि गोलू ने उस पर तंत्र-मंत्र कर दिया है, जिसके कारण उसे भूत दिखाई देते थे और उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ रही थी। वहीं घटना वाली शाम सभी मजदूर शराब पीने के लिए एक मैदान में बैठे थे, तभी विकास ने इसी बात को लेकर गोलू से विवाद शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें: टेस्ट ड्राइव के बहाने ले गए और फिर… फिल्मी स्टाइल में दिया घटना को अंजाम, 48 घंटे में हुआ लूट-अपहरण और हत्या का खुलासा
पहचान छिपाने चेहरे को बुरी तरह कुचला
गुस्से और डर के चलते विकास ने पास पड़ी ईंट से गोलू के सिर पर हमला कर दिया और पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा बुरी तरह कुचल दिया। जिसमें पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और फिलहाल वे पुलिस रिमांड पर हैं। यह घटना एक बार फिर अंधविश्वास के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है। जहां भूत-प्रेत और तंत्र-मंत्र के भ्रम में एक मासूम की जान ले ली गई।

