अनुज पांडेय, गोपालगंज। गुजरात के अहमदाबाद से आई राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने सोमवार को गोपालगंज जिले में साइबर फ्रॉड से जुड़े एक संदिग्ध मामले की जांच के सिलसिले में छापेमारी की। नगर थाना क्षेत्र के थावे रोड स्थित तुरकाहां गांव में हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में दिनभर हड़कंप मचा रहा। एनआईए की टीम ने नजमुल होदा उर्फ लाल बाबू के आवास पर सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक यानी लगभग सात घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया।
6 लैपटॉप और 2 मोबाइल जब्त
तलाशी के दौरान जांच टीम ने घर में मौजूद सदस्यों से पूछताछ की और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बारीकी से जांच की। एनआईए की टीम अपने साथ 6 लैपटॉप और 2 मोबाइल फोन जब्त कर ले गई है। बताया जा रहा है कि टीम मुख्य रूप से मोहम्मद कैफ नामक युवक की तलाश में पहुंची थी, लेकिन छापेमारी के दौरान वह घर पर मौजूद नहीं मिला।
अहमदाबाद में पेश होने का नोटिस जारी
कैफ के घर पर न मिलने के बाद एनआईए की टीम ने उसके नाम एक औपचारिक नोटिस जारी किया है। नोटिस के माध्यम से मोहम्मद कैफ को अहमदाबाद स्थित जांच एजेंसी के कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। पूरी कार्रवाई के दौरान एनआईए के अधिकारियों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की।
स्थानीय पुलिस से की गई रिकॉर्ड की जांच
आवास पर कार्रवाई पूरी करने के बाद एनआईए की टीम नगर थाना पहुंची। वहां अधिकारियों ने मोहम्मद कैफ से संबंधित पुलिस रिकॉर्ड और उपलब्ध जानकारियों को खंगाला। इस दौरान नगर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रभाकर से भी बातचीत कर आवश्यक इनपुट लिए गए।
स्थानीय पुलिस भी अलर्ट मोड पर
एनआईए की कार्रवाई के बाद गोपालगंज की स्थानीय पुलिस भी अलर्ट हो गई है। पुलिस की एक टीम मोहम्मद कैफ के स्थानीय संपर्कों और उसके संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने में लग गई है। गोपालगंज के पुलिस कप्तान विनय तिवारी ने एनआईए की छापेमारी की पुष्टि करते हुए कहा कि जांच एजेंसी द्वारा कार्रवाई की गई है, हालांकि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
फिलहाल, जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच और कैफ की अहमदाबाद में पेशी के बाद ही साइबर फ्रॉड के इस बड़े नेटवर्क का पूरा सच सामने आ सकेगा।


