राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्यप्रदेश के झाबुआ दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर रात के समय यात्रा करना अब जोखिमभरा हो गया है। वाहन चालकों पर पत्थरबाजी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। दो जिलों के पुलिस अधीक्षकों और NHAI अधिकारियों द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आगे की रणनीति बनाने के बावजूद पत्थरबाजी करने वालों में कार्रवाई का कोई खौफ नजर नहीं आ रहा है। रात के अंधेरे में एक्सप्रेस-वे से गुजरने वाले वाहनों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है।

बढ़माशों ने कार पर पत्थर फेंके

बीती रात एक बार फिर गुजरात की कार पर पत्थर फेंकने की घटना सामने आई है। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। वडोदरा निवासी लखन जाट अपनी कार से एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे थे, इसी दौरान अज्ञात बढ़माशों ने उनकी कार पर पत्थर फेंके। पत्थर लगने से कार के पीछे का शीशा टूट गया। घटना के बाद लखन जाट ने धामनोद टोल प्लाजा पहुंचकर मामले की शिकायत की। लगातार हो रही इन घटनाओं से रात में इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाने को लेकर चर्चा

गौरतलब है कि एक्सप्रेस-वे पर पत्थरबाजी की लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद पुलिस और NHAI के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है। अधिकारियों के बीच बैठक में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने और रात के समय एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई थी। इसके बावजूद दोबारा पत्थरबाजी की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल रात के समय एक्सप्रेस-वे से गुजरने वाले वाहन चालक इस तरह की घटनाओं को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। बता दें कि 8 लेन एक्सप्रेस-वे की सीसीटीवी कैमरो से भी निगरानी की जाती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m