कुंदन कुमार/ पटना। बिहार की राजनीति में आज एक नए युग का सूत्रपात हो रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच उनके बेटे निशांत कुमार औपचारिक रूप से राजनीति में कदम रख रहे हैं। पटना स्थित जेडीयू (JDU) मुख्यालय में उत्सव का माहौल है, जहां निशांत कुछ ही देर में आधिकारिक तौर पर पार्टी की सदस्यता लेंगे।

शाही अंदाज में स्वागत
निशांत कुमार के राजनीतिक डेब्यू को ऐतिहासिक बनाने के लिए जेडीयू कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है। जब निशांत राज्यसभा सांसद संजय झा के साथ जेडीयू दफ्तर पहुंचे, तो कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी पर फूलों की बारिश कर दी। दफ्तर के बाहर ढोल-नगाड़ों की गूंज है और उनके स्वागत में हाथी, ऊंट और घोड़े बुलाए गए हैं। मोकामा से बाहुबली अनंत सिंह के समर्थकों का हुजूम भी पटना पहुंच चुका है।

डिप्टी CM के पद से हो सकती है लॉन्चिंग
सियासी गलियारों में चर्चा जोरों पर है कि निशांत कुमार को सीधे डिप्टी CM के पद से लॉन्च किया जा सकता है। इस रणनीति को अमलीजामा पहनाने के लिए शनिवार को संजय झा के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें नीतीश कुमार और ललन सिंह भी मौजूद थे। पार्टी जॉइन करने के तुरंत बाद निशांत के पूरे बिहार की यात्रा पर निकलने की संभावना है, ताकि वे जनता के बीच अपनी पैठ बना सकें।
पॉलिटिकल डेब्यू से पहले ही संभाली कमान
निशांत पिछले कुछ दिनों से काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने संजय झा के आवास पर जेडीयू के लगभग 24 विधायकों के साथ गुप्त बैठक की थी। इस बैठक में मंत्री श्रवण कुमार सहित कई दिग्गज और युवा विधायक शामिल थे, जिसे निशांत के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से पार्टी दफ्तर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

