शब्बीर अहमद, भोपाल। देश भक्ति और जनसेवा की शपथ लेने वाले थाना प्रभारी द्वारा एक फरियादी महिला के साथ बदसलूकी और धमकाने का मामला सामने आया है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे है। आगजनी से पीड़ित फरियादी की रिपोर्ट लिखने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के बजाए पीड़िता को धमकाने से न सिर्फ विभाग की छवि खराब हुई है बल्कि लोगों का पुलिस प्रशासन से भरोसा भी उठने लगा है।
राजधानी में बदमाशों ने मचाया उत्पात: 3 युवकों ने घर में लगाई आग, सारा सामान जलकर राख,
थाना प्रभारी सुनील कुमार शर्मा ने पीड़िता को दी धमकी
दरअसल राजधानी भोपाल के अरेरा हिल्स थाना भीम नगर की पीड़ित महिला घर में बदमाशों द्वारा आग लगाने की शिकायत और न्याय की फरियाद लेकर थाने पहुंची थी। रिपोर्ट लिखना तो दूर की बात है उलटे फरियादी महिला को धमका कर थाने से बाहर भगा दिया। अरेरा हिल्स थाना प्रभारी सुनील कुमार शर्मा का पीड़िता को धमकाते हुए वीडियो वायरल हुआ है।
पुलिस से मत लड़, खामियाजा भुगतना होगा, होगी दिक्कत
वायरल वीडियो में पीड़िता से थाना प्रभारी सुनील ने कहा- तुझे बहुत बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ेगा। तुझे बड़ी दिक्कत होगी। देर रात पीड़िता पुलिस से न्याय की गुहार लगा रही थी। पीड़िता ने कहा दोपहर में आई थी थाने, लेकिन कुछ नहीं हुआ। थाना प्रभारी सुनील कुमार शर्मा ने धमकाया कि- पुलिस से मत लड़, खामियाजा भुगतना होगा, होगी दिक्कत। इसपर पीड़िता ने कहा -आप मुझे धमका रहे है।

