० शिक्षकों, कर्मचारियों और दोस्तों को भेजे जा रहे फर्जी संदेश, संस्थान ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

जमशेदपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के निदेशक प्रो. डॉ. गौतम सूत्रधार का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर साइबर ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। हैकर निदेशक के नाम और नंबर का इस्तेमाल कर उनके परिचितों से रुपये मांग रहा है।

जानकारी के अनुसार, हैकर ने निदेशक के व्हाट्सएप से संस्थान के शिक्षकों, कर्मचारियों, मित्रों और अन्य परिचितों को फर्जी संदेश भेजकर 50 हजार से 1 लाख रुपये तक की मांग की है। संदेश में दावा किया जा रहा है कि पैसों की तत्काल जरूरत है और दो घंटे के भीतर पूरी राशि वापस कर दी जाएगी।

एनआईटी जमशेदपुर प्रशासन ने की अपील
हैकर लोगों से रकम एक मोबाइल नंबर पर ट्रांसफर करने के लिए कह रहा है और खुद को ‘शाहिद’ नाम से परिचित करा रहा है।घटना की जानकारी मिलते ही एनआईटी जमशेदपुर प्रशासन ने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और निदेशक के परिचितों से अपील की है कि ऐसे किसी भी संदेश पर भरोसा न करें और बिना पुष्टि किए किसी भी खाते या मोबाइल नंबर पर पैसे ट्रांसफर न करें।संस्थान ने मामले की जानकारी संबंधित एजेंसियों को भी दे दी है और साइबर ठगी की इस कोशिश की जांच की जा रही है।