गुरुग्राम। देश के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी आज गुरुग्राम के उद्योग विहार फेज-1 का दौरा करेंगे। वे यहां एसपी इन्फोसिटी में बने फिएम आरएंडडी और ग्लोबल इनोवेशन सेंटर (FIEM) में पहुंच रहे हैं। केंद्रीय मंत्री का यह दौरा देश में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और गाड़ियों की आधुनिक तकनीकों को परखने के लिहाज से बहुत खास माना जा रहा है। इस हाई प्रोफाइल दौरे को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास के पूरे इलाके में पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

एंटी-ग्लेयर और स्मार्ट विजन लाइट तकनीकों का लेंगे जायजा

नितिन गडकरी इस वैश्विक अनुसंधान केंद्र का बारीकी से निरीक्षण करेंगे। इस दौरान कंपनी के बड़े विशेषज्ञ और ऑटोमोटिव इंजीनियर उनके सामने कई आधुनिक तकनीकों का लाइव डेमो पेश करेंगे। इस प्रेजेंटेशन में भविष्य की स्मार्ट लाइट प्रणालियों, एडवांस सेंसर और नए जमाने के सड़क सुरक्षा उपकरणों को दिखाया जाएगा। केंद्रीय मंत्री लगातार देश में सड़क हादसों और उनमें होने वाली मौतों के आंकड़े को कम करने के लिए ऑटोमोटिव इंडस्ट्री से नए सुरक्षा मानक अपनाने की बात कहते रहे हैं। इसी कड़ी में वे रात के समय होने वाले एक्सीडेंट्स को रोकने के लिए तैयार की जा रही ‘एंटी-ग्लेयर’ यानी आंखों को चौंधियाने से रोकने वाली लाइट और ‘स्मार्ट विजन’ लाइट तकनीकों की खुद समीक्षा करेंगे।

अंतरराष्ट्रीय स्तर के सुरक्षा फीचर्स को अनिवार्य कर सकती है सरकार

केंद्रीय मंत्री के इस आगमन को लेकर दिल्ली-एनसीआर के ऑटो कंपोनेंट निर्माण क्षेत्र और स्थानीय इंडस्ट्रीज के अधिकारियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि गडकरी के इस दौरे के बाद केंद्र सरकार भारतीय गाड़ियों में इंटरनेशनल लेवल के सेफ्टी फीचर्स को जरूरी करने की दिशा में कोई बड़ा नीतिगत फैसला ले सकती है। उद्योग जगत के जानकारों का कहना है कि फिएम सेंटर में हो रहे ये नए आविष्कार आने वाले समय में भारतीय सड़कों पर चलने वाले वाहनों की सूरत और सुरक्षा दोनों को पूरी तरह बदल सकते हैं।