कुंदन कुमार, पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने साल 2019 में आज ही के दिन (5, अगस्त) को जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले सांविधानिक प्रावधान- अनुच्छेद 370 और आर्टिकल 35 ए को निष्प्रभावी करने का फैसला लिया था। उस दिन संसद में इस मुद्दे पर जोरदार बहस और हंगामा हुआ था, लेकिन केंद्र सरकार अपने फैसले पर कायम रही।

लंबी चर्चा और विपक्ष के विरोध के बाद संसद ने अनुच्छेद 370 और 35A को हटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर का विशेष राज्य का दर्जा समाप्त हो गया और उसे केंद्र शासित प्रदेश बना दिया गया। तब से अब तक जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के रूप में ही अस्तित्व में है।

नए भारत इतिहास का स्वर्णिम दिन- नितिन नबीन

जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटने के 7 साल पूरे होने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने आज के दिन को नए भारत के इतिहास का स्वर्णिम दिन बताया है। नितिन नबीन ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, 5 अगस्त नए भारत के इतिहास का वह स्वर्णिम दिन है, जिसने राष्ट्र की एकता और अखंडता के नए युग का सूत्रपात किया।

तेजी से विकसित हो रहा बुनियादी ढांचा- भाजपा अध्यक्ष

नितिन नबीन ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 और 35A को निरस्त कर हमारे पथप्रदर्शक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के ‘एक देश में एक विधान, एक प्रधान और एक निशान’ के संकल्प को साकार किया गया। आज जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद पर निर्णायक प्रहार, रिकॉर्ड पर्यटन, तेज़ी से विकसित होता बुनियादी ढांचा और युवाओं के लिए बढ़ते अवसर इस परिवर्तन की स्पष्ट तस्वीर प्रस्तुत करते हैं।

लाल चौक पर शान से लहरा रहा तिरंगा- नितिन नबीन

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि, कभी जिस लाल चौक पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए हमें संघर्ष करना पड़ा था, आज वहां शान से लहराता तिरंगा इस बात का प्रमाण है कि जब नेतृत्व में दृढ़ इच्छाशक्ति और ‘राष्ट्र प्रथम’ का भाव हो, तो असंभव लगने वाले लक्ष्य भी वास्तविकता बन जाते हैं।

ये भी पढ़ें- बिहार में गन्ना उद्योग को मिलेगा बड़ा बढ़ावा, नया पोर्टल लांच, 1 रुपये के टोकन पर मिलेगी जमीन