भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को मेरठ पहुंचे, जहां सुभारती विश्वविद्यालय में दो प्रमुख कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं. युवा संवाद के साथ पश्चिमी क्षेत्र के 19 संगठनात्मक जिलों और 71 विधानसभा क्षेत्रों के करीब 4,800 शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल अध्यक्षों से संवाद होगा.
मेरठ. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को मेरठ पहुंचे. नितिन नबीन के दो दिवसीय पश्चिमी उत्तर प्रदेश दौरे के पहले दिन सुभारती विश्वविद्यालय में युवा संवाद और शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. मंगलवार को उनका सहारनपुर जाने का कार्यक्रम है.
मेरठ पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया गया. कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के अलावा वरिष्ठ नेता लक्ष्मीकांत वाजपेयी, राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर और मंत्री दिनेश खटीक भी मौजूद हैं.
युवाओं से संवाद
सुभारती विश्वविद्यालय में करीब 2,000 से अधिक युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम रखा गया है. इसमें रोजगार, स्टार्टअप, राजनीति में युवाओं की भागीदारी, क्षेत्रीय मुद्दों और विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा हो रही है.

कार्यक्रम में जेन जी छात्र-छात्राओं के साथ भी संवाद किया जा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में यूजीसी के विरोध को लेकर जेन जी की सक्रियता के बाद भाजपा की ओर से युवाओं के साथ संवाद के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
4,800 पदाधिकारियों से संवाद
युवा संवाद के बाद विश्वविद्यालय परिसर में बनाए गए पंडाल में शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन होगा. इसमें पश्चिम क्षेत्र के 19 संगठनात्मक जिलों और 71 विधानसभा क्षेत्रों से करीब 4,800 शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल अध्यक्षों के शामिल होने का कार्यक्रम है.
नितिन नबीन इस दौरान पार्टी के संगठन और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों के साथ भी चुनावी तैयारियों और संगठन से जुड़े विषयों पर बैठक प्रस्तावित है.
दो दिन का कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नितिन नबीन सोमवार और मंगलवार को मेरठ तथा सहारनपुर के दौरे पर रहेंगे. मेरठ में विभिन्न संगठनात्मक बैठकों के अलावा उनके प्रसिद्ध औघड़नाथ मंदिर में दर्शन करने का भी कार्यक्रम है.
मेरठ में कार्यक्रमों के बाद उनका रात्रि प्रवास भी प्रस्तावित है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम के बाद लखनऊ लौटेंगे, जबकि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मेरठ-हरिद्वार रोड बाइपास स्थित एक निजी होटल में पश्चिम क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और इसके बाद जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे.
सुरक्षा के इंतजाम
कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है. एसपी ट्रैफिक राजेश श्रीवास्तव के अनुसार, कार्यक्रम स्थलों के आसपास के क्षेत्र को नो-फ्लाई जोन बनाया गया है और ड्रोन संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है.
दौरे को लेकर भाजपा ने पहले ही तैयारियां पूरी कर ली थीं. सुभारती विश्वविद्यालय में युवा संवाद और शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन के लिए मंच और पंडाल तैयार किया गया है. प्रवेश, निकास, पार्किंग, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई.
पश्चिमी यूपी पर फोकस
भाजपा के पश्चिम क्षेत्र प्रभारी और प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान, क्षेत्रीय महामंत्री एवं मेरठ प्रभारी अशोक मोगा और क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर ने तैयारियों का जायजा लिया था. पार्टी पदाधिकारियों ने मंच, पंडाल, पेयजल, पार्किंग, प्रवेश-निकास और सेफ हाउस से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठनात्मक बैठकों और कार्यकर्ताओं से संवाद पर केंद्रित है. सोमवार के कार्यक्रमों के बाद नितिन नबीन मंगलवार को सहारनपुर के लिए रवाना होंगे.
पश्चिम क्षेत्र कार्यालय के मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा के अनुसार, सुभारती विश्वविद्यालय में दो कार्यक्रम निर्धारित हैं. युवा संवाद सुबह 11:30 बजे और शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन दोपहर 1:30 बजे से प्रस्तावित है, जबकि मीडिया को दोनों कार्यक्रमों में सीमित समय के लिए प्रवेश दिया गया है.



