नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक संपन्न हो गई। बैठक में नए पदाधिकारियों के साथ पार्टी के पुराने पदाधिकारियों को भी शामिल किया गया। बैठक में संगठन को और मजबूत करने, युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

युवाओं से संवाद बढ़ाने पर फोकस

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने पदाधिकारियों से युवाओं के बीच लगातार संवाद और आउटरीच बढ़ाने की अपील की। पार्टी की कोशिश युवाओं को संगठन से जोड़ने और उनके मुद्दों के साथ सक्रिय रूप से जुड़ने की है। इसके लिए जमीनी स्तर पर लगातार संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया गया।

‘नेशन फर्स्ट’ की भावना से काम करने का संदेश

बैठक में पदाधिकारियों को ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ काम करने का मंत्र दिया गया। पार्टी नेताओं से अपनी विचारधारा से जुड़े रहते हुए संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया।

सरकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने की रणनीति

बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे लोगों को सरकारी योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी दें, ताकि जरूरतमंदों तक योजनाओं का फायदा प्रभावी तरीके से पहुंच सके।

सार्वजनिक जीवन में अनुशासन पर जोर

नितिन नवीन ने सार्वजनिक जीवन में संयम और अनुशासन बनाए रखने को महत्वपूर्ण बताया। बैठक में कहा गया कि पदाधिकारियों का आचरण सीधे तौर पर पार्टी की छवि से जुड़ा होता है, इसलिए सभी नेताओं को जिम्मेदारी और मर्यादा के साथ काम करना चाहिए।

विपक्ष को तथ्यों के आधार पर जवाब देने की हिदायत

राजनीतिक मुद्दों पर विपक्ष के आरोपों का जवाब तथ्यों के आधार पर देने पर भी जोर दिया गया। पदाधिकारियों से कहा गया कि वे प्रभावी और तथ्यात्मक तरीके से पार्टी का पक्ष जनता के सामने रखें।

पीएम के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पर अगली बैठक

राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक के बाद बीजेपी की एक और अहम बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर देशभर में प्रस्तावित कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा होगी। बैठक में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन महामंत्री बीएल संतोष, कार्यक्रम संयोजक विनोद तावड़े समेत विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री शामिल होंगे। इस बैठक में देशभर में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों और कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने की रणनीति को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m