लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में विपक्ष के लिए कोई अवसर नहीं है और भाजपा एक बार फिर ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए अपने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ देगी. नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष और मेहनत के बल पर वर्ष 2027 में प्रदेश में फिर कमल खिलेगा.
नितिन नवीन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा “विपक्ष इस मुगालते में है कि उसके लिए अवसर है, लेकिन मैं मानता हूं कि उनके पास कोई अवसर नहीं है. भाजपा जनता से जुड़ी पार्टी है और जनता के मुद्दों पर निरंतर काम करती है, जबकि विपक्ष चुनावी बरसात में आता है और चुनाव खत्म होने के बाद गायब हो जाता है.” रविवार को अपने उत्तर प्रदेश दौरे के दूसरे दिन नितिन नवीन ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कर आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की.
इसे भी पढ़ें : राम मंदिर प्रकरण के बाद जनता ने भाजपा को नकारा? अखिलेश बोले- बीजेपी अध्यक्ष के स्वागत में दिखा लोगों की नाराजगी का असर
बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और वर्ष 2027 के चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया. इसके अलावा एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ भी समन्वय और चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा हुई. राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने बताया कि पहली बैठक में समन्वय को लेकर बातचीत हुई है और भविष्य की बैठकों में सीटों के बंटवारे सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. भाजपा नेतृत्व का मानना है कि मजबूत संगठन, जनसरोकारों से जुड़े कार्य और सहयोगी दलों के साथ बेहतर तालमेल के बल पर पार्टी वर्ष 2027 में एक बार फिर प्रचंड बहुमत हासिल करेगी.

