कुंदन कुमार/ पटना। ​बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के शीर्ष नेता नीतीश कुमार पूरी तरह से एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में आज वे अचानक जदयू राज्य कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने बिहार विधान परिषद के आगामी चुनावों को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ गहन मंथन किया।

​रणनीतिक बैठक और फीडबैक का दौर

​कार्यालय पहुंचने से पहले नीतीश कुमार ने उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की थी। सूत्रों के अनुसार इस दौरान नीतीश कुमार ने राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और सरकार के कामकाज का फीडबैक लिया। उन्होंने विजय चौधरी को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे शाम तक सरकार से जुड़ी सभी गतिविधियों और जमीनी फीडबैक के साथ विस्तृत रिपोर्ट लेकर आएं।

​चुनाव की सीधी मॉनिटरिंग

​विधान परिषद के चुनावों को देखते हुए नीतीश कुमार का यह कदम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे किसी भी तरह की चूक नहीं चाहते इसलिए उन्होंने चुनाव प्रबंधन की कमान अपने हाथों में ले ली है। कार्यालय में पहले से ही पार्टी के कई दिग्गज नेता मौजूद थे जिनके साथ नीतीश कुमार ने रणनीति को अंतिम रूप दिया।
​यह स्पष्ट है कि नीतीश कुमार न केवल आगामी चुनाव को लेकर गंभीर हैं बल्कि पार्टी संगठन में अनुशासन और सक्रियता को लेकर भी कोई समझौता करने के मूड में नहीं हैं। उनके इस आक्रामक चुनावी रुख से जदयू कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हुआ है।