कुंदन कुमार, पटना। सम्राट चौधरी ने आज बुधवार 15 अप्रैल को लोकभवन में बिहार के 24वें और बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री पद के रूप में शपथ ली। राज्यपाल सैयत अता हसनैन ने लोकभवन में आयोजित एक भव्य समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके अलावा जदयू से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। इसी के साथ अब बिहार में सम्राट युग की शुरुआत हो गई।

और तेजी से होगा बिहार का विकास- नीतीश

सम्राट चौधरी के सीएम बनने पर पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने उन्हें बधाई दी है। नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा-आज बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर सम्राट चौधरी जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।

सम्राट चौधरी थे नीतीश की पहली पसंद

बता दें कि सीएम पद के लिए सम्राट चौधरी ही नीतीश कुमार की पहली पसंद थे। कल एनडीए विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार ने ही सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा था। इस दौरान उन्होंने सम्राट को माला भी पहनाया और सामने बैठे विधायकों से ताली बजा कर उनका स्वागत करने कि लिए कहा। इससे पहले उन्होंने लोकभवन में राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा था।

सम्राट के नाम दर्ज हुआ अनोखा रिकॉर्ड

सीएम पद की शपथ लेते ही सम्राट चौधरी के नाम कई राजनीतिक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया। बिहार में भाजपा के वह पहले मुख्यमंत्री बने। इसके साथ ही वह नेताओं की लिस्ट में शामिल हुए, जो डिप्टी सीएम पद से सीधे सीएम बने। सम्राट से पहले जननायक कर्पूरी ठाकुर साल 1967 में डिप्टी सीएम बने और इसके बाद उन्होंने 1977 में मुख्यमंत्री का पद संभाला। 59 साल के बाद ऐसा मौके फिर से आया है कि कोई व्यक्ति डिप्टी सीएम के बाद सीएम बना है।

ये भी पढ़ें –विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने ली डिप्टी सीएम पद की शपथ, पहली बार ड्राइविंग सीट पर होगी भाजपा