कुंदन कुमार, पटना। बिहार में 8 सीटों पर होने वाला एमएलसी चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है। खासकर मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह द्वारा पार्टी के खिलाफ जाकर पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के उम्मीदवार अनुज कुमार सिंह के नामांकन में जाना। इस सियासी घटनाक्रम को देखते हुए जदयू में हलचल तेज हो गई है। गौरतलब है कि जदयू ने इस सीट से वरिष्ठ नेता और विधान पार्षद नीरज कुमार को मैदान में उतारा है। इन सभी घटनाक्रमों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के आवास पर एक हाईलेवल बैठक बुलाई गई, जो लगभग 3 घंटे तक चली।
चर्चाओं का बाजार गर्म
बैठक में जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक यह बैठक अनंत सिंह और नीरज विवाद को लेकर बुलाई गई थी। साथ ही बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव दीपक कुमार को लेकर भी चर्चा हुई है। करीब 3 घंटे तक चली इस मैराथन मीटिंग के बाद संजय झा और विजेंद्र यादव आवास से निकल गए। दोनों नेताओं ने मीडिया से बातचीत नहीं की। हालांकि राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
अनुज सिंह के जीत का किया दावा
जन सुराज के प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह के नामांकन में पहुंचे अनंत सिंह से जब मीडिया ने यह सवाल किया कि आप पार्टी उम्मीदवार नीरज सिंह की बजाय जन सुराज के प्रत्याशी का प्रचार क्यों कर रहे हैं। इसपर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि, जब वे पहले चुनाव लड़े थे, तब नीरज कुमार ने चार-चार बार उनका विरोध किया था। आज वक्त बदल गया है, इसलिए अब वे भी नीरज कुमार का खुला विरोध कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने अनुज कुमार सिंह के जीत का भी दावा किया।
ये भी पढ़ें- सड़क, बिजली और बाजार… नितिन गडकरी के सामने CM सम्राट ने निवेशकों को बताया विकसित बिहार का रोडमैप

