अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। भाजपा की विधान पार्षद सदस्य निवेदिता सिंह ने बांकीपुर उपचुनाव को लेकर जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर पर बड़ा बयान दिया है। निवेदिता सिंह ने प्रशांत किशोर को पेपर मैन’ बताया और कहा कि, वह कागज वाले आदमी है।
‘सांसद- विधायक बनना उनके बस की बात नहीं’
निवेदिता सिंह ने कहा कि, प्रशांत किशोर पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में 95 सीटों पर अपनी पार्टी का जमानत जप्त करवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि, अब उनकी राजनीतिक नैया पूरी तरह से डूब गई है, तो खुद को राजनीतिक व्यवहार में बचाए रखने के लिए बांकीपुर से मैदान में उतर गए हैं। लेकिन इतना तय है की अब सांसद-विधायक बनना प्रशांत किशोर के बस की बात नहीं है।
भाजपा की जीत का किया दावा
उन्होंने यह भी कहा कि बांकीपुर सीट भाजपा का पारंपरिक सीट रहा है और वहां से भाजपा के प्रत्याशी नीरज सिन्हा की जीत तय है। बता दें की विधान पार्षद निवेदिता सिंह अपने विधान पार्षद मद के विकास योजनाओं से संबंधित विचार विमर्श के लिए रोहतास के डीएम दीपक कुमार मिश्रा से मिलने समाहरणालय पहुंची थी, जहां मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने प्रशांत किशोर पर बड़ा हमला बोला।
थर-थर कांप रही है भाजपा- प्रशांत किशोर
उधर चुनाव प्रचार के दौरान प्रशांत किशोर भी लगातार भाजपा पर हमलावर हैं। पीके ने कल शनिवार को प्रचार के दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, एक जनसुराज जिसका कोई संगठन नहीं है, हमने बांकीपुर में कोई काम नहीं किया है। एक आदमी खड़ा हो गया है और पूरी भाजपा थर-थर कांप रही है। भाजपा द्वारा हजारों कार्यकर्ता को उतारा गया है, अपने सो कॉल्ड किले (बांकीपुर) को बचाने के लिए। उन्होंने कहा कि, जहां भाजपा के लोग वोट मांगने भी नहीं जाते थे, वहां एक-एक वार्ड में मंत्री घूम रहे हैं। ये बिहार की जनता के लिए अच्छे दिन आ रहे हैं, जो नेता मंत्री पूछने भी नहीं आते थे। अब वे घर-घर जाकर कह रहे हैं कि वोट दें।
30 जुलाई को होगा मतदान
गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है, बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा समेत कुल 39 उम्मीदवार मैदान में हैं। बीजेपी, जनसुराज और राजद के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है। जनसुराज से प्रशांत किशोर और राजद से रेखा गुप्ता चुनावी मैदान में है। चुनाव का परिणाम 3 अगस्त को सामने आएगा। फिलहाल सभी दल के प्रत्याशी अपने-अपने प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं और अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- बिहार मानसून सत्र: सदन में पेश हुआ 87,383 करोड़ का अनुपूरक बजट, पहले दिन की कार्यवाही स्थगित


